रूसी प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ की कूड़ा निस्तारण तकनीक की सराहना की, अपने देश में अपनाने पर जताई सहमति

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

– महापौर सुषमा खर्कवाल एवं नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार से हुई मुलाकात, आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर हुआ विचार-विमर्श

लखनऊ राजधानी लखनऊ में वैज्ञानिक एवं आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी से उनके कैंप कार्यालय पर रूस की प्रतिष्ठित टेकपॉलिमर ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक में लखनऊ नगर निगम द्वारा अपनाई जा रही कूड़ा निस्तारण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत चर्चा हुई। रूसी प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इस मॉडल का अध्ययन कर अपने देश में भी उपयोगी तकनीकों को अपनाने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही बायो-माइनिंग, बायो-रिमेडिएशन, लैंडफिल पुनर्वास, वेस्ट-टू-वैल्यू तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर तकनीकी सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया।

*लखनऊ मॉडल की सराहना*
प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में कूड़ा निस्तारण, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनाई जा रही तकनीकों और कार्यप्रणाली की सराहना की। उन्होंने नगर निगम द्वारा किए जा रहे नवाचारों की जानकारी प्राप्त की और इन तकनीकों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

*तकनीकी सहयोग और अनुभव साझा करने पर जोर*
बैठक में लीगेसी वेस्ट के बायो-माइनिंग, बायो-रिमेडिएशन, लैंडफिल पुनर्वास, लीचेट ट्रीटमेंट, वेस्ट-टू-वैल्यू तथा वेस्ट-टू-एनर्जी जैसी आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने भविष्य में तकनीकी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान एवं पर्यावरण अनुकूल कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की।

*रूसी प्रतिनिधिमंडल ने जताई सहमति*
रूसी प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ नगर निगम की कूड़ा निस्तारण तकनीक और प्रबंधन प्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस मॉडल का अध्ययन कर अपने देश में भी इसकी उपयोगी तकनीकों एवं कार्यप्रणाली को अपनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छ एवं सतत शहरी विकास के क्षेत्र में भविष्य में भी सहयोग बनाए रखने की इच्छा व्यक्त की।

बैठक में टेकपॉलिमर ग्रुप ऑफ कंपनीज़, रूस के मालिक श्री इवान, सीआईएस क्षेत्र की निदेशक सुश्री इरीना पिंगोरिना, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमर दीप सिंह, निदेशक श्री यज्ञदत्त त्यागी तथा वाइस प्रेसिडेंट श्री अभिषेक गर्ग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *