यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
“सपा पहले अपना जनाधार बचाए, भाजपा फिर रचेगी नया चुनावी इतिहास : डॉ. राजेश्वर सिंह”
लखनऊ। सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने समाजवादी पार्टी प्रमुख एवं उसके नेताओं द्वारा भाजपा को दी जा रही चुनावी “चुनौती” को उनकी राजनीतिक हताशा का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में सपा का “चैलेंज” यह दर्शाता है कि वे भाजपा की संगठनात्मक ताकत और जनता के विश्वास को समझ नहीं पा रहे हैं। 225 तो क्या, भाजपा के दो विधायक भी अपनी सीट बदलना नहीं चाहते, क्योंकि प्रत्येक विधायक अपने विकास कार्यों, मजबूत संगठन और जनता के समर्थन के दम पर अपनी विधानसभा में पूरी मजबूती से खड़ा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी आज ज़मीनी राजनीति से दूर होकर केवल ट्विटर और सोशल मीडिया की पार्टी बनती जा रही है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन जी, आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार, असम और पश्चिम बंगाल सहित अनेक राज्यों में सिद्ध किया है कि स्पष्ट नेतृत्व, मजबूत संगठन और जनविश्वास के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी में वास्तव में आत्मविश्वास है तो अपने शीर्ष नेतृत्व से कहें कि वे राजधानी लखनऊ की प्रतिष्ठित विधानसभा सीटों से चुनाव लड़कर जनता के बीच अपना जनाधार साबित करें। भाजपा उत्तर प्रदेश में अपने पिछले सभी चुनावों से बेहतर प्रदर्शन करेगी, क्योंकि हमारे पास केवल नारे नहीं, बल्कि विकास का सिद्ध रिकॉर्ड, सशक्त संगठन और जनता का अटूट आशीर्वाद है। लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता करती है, मीडिया में बयान देने वाले नेता नहीं।