समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करें, वर्षाकाल में नागरिकों को नहीं होनी चाहिए कोई असुविधा:मंत्री श्री ए. के. शर्मा

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

लखनऊ, 17 जुलाई, 2026

उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के विश्वास खंड एवं विवेक खंड क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण एवं नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षाकाल में नागरिकों को जलभराव अथवा जल निकासी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने विश्वास खंड में निर्माणाधीन 600 मीटर लंबे नाले का जायजा लिया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि इसमें 500 मीटर नाले का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि इस नाले के पूर्ण होने के बाद विश्वास खंड सहित आसपास के क्षेत्रों को जलभराव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और वर्षा का पानी तेजी से निकलेगा।इसके साथ ही मंत्री श्री शर्मा ने नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों की नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी निर्बाध बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वर्षाकाल के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जहां कहीं भी जल निकासी में बाधा हो उसे तत्काल दूर किया जाए तथा जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नगर विकास विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है।

इस दौरान मंत्री श्री शर्मा ने निर्माणाधीन शक्ति उपवन का भी निरीक्षण किया।उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि शक्ति उपवन में वृहद वृक्षारोपण कराते हुए डिस्प्ले लगाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाए।भ्रमण के दौरान मेयर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार एवं अपर नगर आयुक्त सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *