यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
– जल निकासी, स्वच्छता एवं बाढ़ प्रबंधन से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने शुक्रवार को जोन-2 के कुंडरी रकाबगंज वार्ड स्थित रामनगर क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्री राजीव बाजपेयी जी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री राम सकल, नगर अभियंता श्री झिल्लू राम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
*निर्माणाधीन नाले का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के दिए निर्देश*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने रामनगर क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले के कार्यों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाले के निर्माण कार्य में विलंब के कारण स्थानीय नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए कार्य को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।
*नाले से निकलने वाले फॉलिंग वेस्ट के तत्काल निस्तारण के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन नाले से निकल रहे फॉलिंग वेस्ट (मलबे एवं अवशिष्ट सामग्री) को तत्काल हटाने के निर्देश जोनल सेनेटरी ऑफिसर को दिए, जिससे आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता एवं आवागमन प्रभावित न हो।
*क्षेत्र में मिले सीएंडडी वेस्ट को हटाने के दिए निर्देश*
रामनगर क्षेत्र में कई स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट पाए जाने पर नगर आयुक्त ने नगर अभियंता को निर्देशित किया कि समस्त सीएंडडी वेस्ट को तत्काल हटाया जाए तथा भविष्य में इसके अनियंत्रित निस्तारण पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
*साफ पानी के रिसाव की मरम्मत के लिए जलकल विभाग को निर्देश*
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में साफ पानी के रिसाव की समस्या संज्ञान में आने पर नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक, जलकल को आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल की अनावश्यक बर्बादी को रोका जा सके।
*नाले की पुलिया पर जाल लगाने के निर्देश*
न्यू तिलक नगर क्षेत्र में नाले की पुलिया का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने नगर अभियंता को पुलिया पर जाल (ग्रिल) लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे नाले में कूड़ा-कचरा डाले जाने पर रोक लगेगी और जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी।
*पुराने बाढ़ पंपिंग स्टेशन के उन्नयन एवं पुनर्स्थापन के निर्देश*
रामनगर स्थित पुराने बाढ़ पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने इसके अपग्रेडेशन एवं रिस्टोरेशन का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए पंपिंग स्टेशन की क्षमता एवं कार्यक्षमता को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है।
*सरकारी भूमि के चिन्हांकन एवं फेंसिंग कराने के निर्देश*
पंपिंग स्टेशन के समीप स्थित सरकारी भूमि का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने प्रभारी संपत्ति अधिकारी को भूमि का चिन्हांकन कर उसकी फेंसिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त भूमि को सुरक्षित रखते हुए भविष्य में जनहित एवं नगर निगम की आवश्यकताओं के अनुरूप उपयोग में लाया जा सकेगा।
*बड़े नाले की निरंतर सफाई कर फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने रामनगर स्थित बड़े नाले की निरंतर व्यापक सफाई कराने के निर्देश नगर अभियंता को दिए। साथ ही उन्होंने सफाई कार्य पूर्ण होने के उपरांत उसकी फोटोग्राफ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।