जोन चार में जनेश्वर मिश्रा पार्क से लक्ष्मी मार्केट तक चला वृहद स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान, 280 से अधिक लोगों ने किया श्रमदान

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के तहत क्षेत्र की सफाई, यांत्रिक धुलाई एवं सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया

लखनऊ: “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ व लखनऊ स्वच्छता अभियान द्वारा जनेश्वर मिश्रा पार्क गेट संख्या-7 से लक्ष्मी मार्केट, वार्ड-12, जोन-4 तक वृहद स्तर पर विशेष स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना रहा।

*सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया गया जागरूक*
अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया गया। स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

*सड़कों और फुटपाथों की हुई यांत्रिक धुलाई, खरपतवारों का किया गया वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण*
अभियान के दौरान सड़क एवं फुटपाथों की व्यापक सफाई कर यांत्रिक धुलाई कराई गई। मार्ग के दोनों ओर उगी जंगली घास एवं खरपतवारों की वैज्ञानिक पद्धति से कटाई कराई गई। साथ ही, उनकी पुनर्वृद्धि को रोकने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप खरपतवारनाशी (वीडिसाइड) का छिड़काव भी किया गया। इस कार्य से क्षेत्र की स्वच्छता एवं सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।

*280 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने किया श्रमदान*
इस विशेष स्वच्छता अभियान में चीफ इंजीनियर श्री महेश वर्मा, जोनल सेनेटरी अधिकारी (जेडएसओ) श्री पंकज शुक्ला, एसएफआई श्री बालगोविंद, लखनऊ स्वच्छता अभियान के क्षेत्रीय निदेशक श्री अभय रंजन, प्रोजेक्ट हेड श्रीमती आकांक्षा दीक्षित, क्लस्टर एचआर हेड श्री अरुण कुमार सिंह तथा सुदीक्षा फाउंडेशन के श्री शिवम पांडे एवं उनकी टीम सहित 280 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों, रहवासियों एवं स्वच्छता कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए श्रमदान किया और अभियान को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *