नगर निगम का अतिक्रमण के विरुद्ध सघन अभियान, दो जोनों में हटाए गए अवैध कब्जे, वसूला गया शमन शुल्क

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों पर हुई प्रभावी कार्रवाई

लखनऊ: शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम लखनऊ ने गुरुवार को सघन एवं बहुस्तरीय अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर विभिन्न जोनों में अभियान संचालित कर अवैध अतिक्रमण हटाए गए तथा संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध शमन शुल्क की कार्रवाई भी की गई।

*जोन-1 में नरही, शहीद स्मारक और कैसरबाग क्षेत्र से हटाए गए अतिक्रमण*
नगर निगम के जोन-1 क्षेत्रान्तर्गत हजरतगंज स्थित नरही सब्जी मंडी के पास किए गए स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। इसके अतिरिक्त शहीद स्मारक होते हुए मूंगफली मंडी तथा कैसरबाग सब्जी मंडी के निकट बने पक्के चबूतरे को भी ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में सहायता मिलेगी।

जोन-1 में यह अभियान जोनल अधिकारी श्री ओम प्रकाश सिंह, श्री डी.एस. डूबे एवं जेई. ईटीएफ. के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम के प्रवर्तन दल (296) की टीम भी मौके पर उपस्थित रही।

*जोन-5 में अमौसी मेट्रो स्टेशन तक हटाए गए अवैध ठेले, गुमटियां और काउंटर*

जोन-5 क्षेत्रान्तर्गत गिन्दन खेड़ा मोड़ से अमौसी मेट्रो स्टेशन तक अस्थायी अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा लगाए गए 7 ठेले, 3 गुमटियां तथा 4 अवैध काउंटर हटाए गए। साथ ही संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों से ₹3,300 का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अतिरिक्त गंदगी फैलाने एवं प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹5,000 का शमन शुल्क भी वसूल किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

जोन-5 में यह अभियान जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री पियूष तिवारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, नगर निगम के प्रवर्तन दल (296) तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सहभागिता करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *