बाढ़ प्रभावित जोन-3 और जोन-6 में सफाई अभियान तेज, 9 सेक्टर और 31 सब-सेक्टर में बांटकर हो रही निगरानी

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

– नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार और दोनों अपर नगर आयुक्तों ने राहत एवं सफाई कार्यों की समीक्षा की; जोन-3 में तीन ड्रोन से छिड़काव, जोन-6 में करीब 550 कर्मचारियों की तैनाती
– शिकायतों के लिए विभागवार कंट्रोल रूम नंबर जारी, सफाई से लेकर जल निकासी तक की शिकायतें दर्ज करा सकेंगे नागरिक

*लखनऊ:* लखनऊ नगर निगम द्वारा बाढ़ प्रभावित जोन-3 और जोन-6 में पानी उतरने के साथ ही सफाई, गाद हटाने, एंटी लार्वा छिड़काव और संक्रमण से बचाव के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत एवं सफाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं, अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त और अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, कर्मचारियों की तैनाती और संक्रमण से बचाव के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में सफाई एवं राहत कार्यों की निगरानी के लिए सेक्टर और सब-सेक्टर के आधार पर व्यवस्था बनाई है। अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर क्षेत्रवार सफाई, कूड़ा उठान, जलनिकासी और दवाओं के छिड़काव का कार्य कराया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित मोहल्लों में जमा गाद, कूड़ा और झाड़ियों को हटाकर स्वच्छता बहाल करना तथा मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के खतरे को कम करना है।

*नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई, राहत और जलनिकासी संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों से पानी उतर चुका है, वहां तत्काल सफाई, गाद हटाने और कूड़ा उठान का कार्य कराया जाए। साथ ही, प्रभावित इलाकों में एंटी लार्वा छिड़काव और संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्यों की निगरानी करें और प्रभावित नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें।

*जोन-3 में पांच सेक्टर और 21 सब-सेक्टर बनाकर निगरानी*
अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि जोन-3 के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को पांच सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक अधिकारी को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त, प्रभावित क्षेत्र में 21 सब-सेक्टर बनाए गए हैं, जिनमें भी अधिकारियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि इन सब-सेक्टर में 39 बीट कर्मियों को तैनात किया गया है, जो प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, कूड़ा उठान और अन्य आवश्यक कार्यों को सुनिश्चित करने में जुटे हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से क्षेत्रवार कार्यों की निगरानी की जा रही है, ताकि सफाई और राहत संबंधी गतिविधियों को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।

*जोन-3 में तीन ड्रोन से एंटी लार्वा छिड़काव*
जोन-3 के प्रभावित क्षेत्रों में मच्छरों के प्रजनन और संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए तीन ड्रोन के माध्यम से छिड़काव कराया गया। नंदा फॉर्म, संत कबीर नगर, मिल्लत नगर, पुराना दाउद नगर, कैलाश विहार, पवन विहार और लौहरामऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई।

इसके अतिरिक्त, छह टैंकरों के माध्यम से सोडियम हाइपोक्लोराइट का छिड़काव 60 फीट रोड (दाउद नगर), मामा कॉलोनी, पीली कॉलोनी और घैला रोड सहित प्रभावित इलाकों में कराया गया। एंटी लार्वा छिड़काव करने वाली मशीनों का उपयोग घैला रोड, दाउद नगर, मामा कॉलोनी, अन्नपूर्णा नगर, वैष्णोपुरम और पतंग मैदान में किया गया।

*गणेश विहार, नंदा फॉर्म और दाउद नगर में गाद हटाने का कार्य*
जोन-3 के जिन क्षेत्रों से बाढ़ का पानी उतर गया है, वहां जमा गाद और मिट्टी हटाने के लिए डी-सिल्टिंग का कार्य कराया जा रहा है। गणेश विहार, नंदा फॉर्म और दाउद नगर में यह कार्य किया गया है। जिन इलाकों में अभी पानी भरा हुआ है, वहां स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रभावित क्षेत्रों में झाड़ू लगाने, कूड़ा उठाने और झाड़ियों की कटाई का कार्य भी लगातार किया जा रहा है। झाड़ियों की कटाई और उठान के लिए लगभग चार से पांच ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का उपयोग किया गया। जोन-3 में सफाई एवं राहत संबंधी कार्यों के लिए लगभग 350 कर्मचारियों के कार्यरत होने की जानकारी दी गई है।

*जोन-6 में चार सेक्टर और 10 सब-सेक्टर में बांटा गया क्षेत्र*
अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने बताया कि जोन-6 के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में एक अधिकारी की तैनाती की गई है। इसके साथ ही 10 सब-सेक्टर बनाए गए हैं, जिनमें भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सब-सेक्टर को 60 बीट में विभाजित किया गया है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में सफाई एवं अन्य आवश्यक कार्यों की निगरानी व्यवस्थित तरीके से की जा सके।

उन्होंने बताया कि जोन-6 के विभिन्न प्रभावित इलाकों में सफाई, गाद हटाने और मच्छरों से बचाव के लिए आवश्यक छिड़काव कराया जा रहा है। क्षेत्रवार जिम्मेदारी तय होने से अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से कार्यों की निगरानी तथा जरूरत के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

*जोन-6 के कई मोहल्लों में एंटी लार्वा छिड़काव*
जोन-6 के सैंथा, हयातनगर, माल रोड, गुलमी खेड़ा, दौलत खेड़ा, टांड खेड़ा, मिश्री की बगिया, हरिनगर और कैटल कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। इसके अतिरिक्त ड्रोन के माध्यम से भी छिड़काव किया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ प्रभावित हिस्सों में लगभग 16-16 एकड़ तथा कैटल कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में करीब आठ एकड़ में ड्रोन से छिड़काव कराया गया।

पानी उतरने वाले क्षेत्रों में डी-सिल्टिंग का कार्य भी किया जा रहा है। सैंथा प्रथम एवं द्वितीय, हयातनगर और टांड खेड़ा सहित अन्य प्रभावित मोहल्लों में जमा गाद और मिट्टी को हटाया जा रहा है। साथ ही ब्लीचिंग पाउडर, मैलाथियान डस्ट और चूने के मिश्रण का निर्धारित अनुपात में छिड़काव कराया जा रहा है।

*जोन-6 में करीब 550 कर्मचारियों की तैनाती*
जोन-6 में सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए करीब 550 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। बुधवार को प्रभावित क्षेत्रों में 300 से अधिक कर्मचारी सफाई, गाद हटाने और अन्य जरूरी कार्यों में लगाए गए। नगर निगम की टीमें प्रभावित इलाकों में नियमित सफाई के साथ मच्छरों एवं संभावित बीमारियों से बचाव के लिए भी आवश्यक कदम उठा रही हैं।

*बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में शिकायतों के लिए नगर निगम ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर*
नगर निगम ने नागरिकों की सुविधा के लिए सफाई, जलकल और जल निकासी से संबंधित शिकायतों के लिए विभागवार कंट्रोल रूम नंबर जारी किए हैं। प्रभावित क्षेत्रों के नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

*1. सफाई संबंधी शिकायतों के लिए*
– 8808837500
– 6389923234
– 9219902911
– 9219902912

*2. जलकल विभाग (पेयजल एवं सेप्टिक टैंक संबंधी शिकायतों के लिए)*
– 9451831593
– 9889806396
– 9454508087
– 7991332892

*3. अभियंत्रण विभाग (जल निकासी संबंधी शिकायतों के लिए)*
– 8810721631
– 6389923231
– 9219902913
– 9219902914

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, पेयजल अथवा जल निकासी से जुड़ी समस्या होने पर संबंधित विभाग के कंट्रोल रूम से संपर्क करें, ताकि शिकायत के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

*प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता बहाल करना प्राथमिकता*
नगर निगम द्वारा दोनों जोन में सेक्टर और सब-सेक्टर के आधार पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार और दोनों अपर नगर आयुक्तों की निगरानी में प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, कूड़ा उठान, डी-सिल्टिंग और एंटी लार्वा छिड़काव की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *