यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– अलीगंज स्थित केंद्रीय विद्यालय में आयोजित हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम, नगर आयुक्त ने जनगणना के महत्व और राष्ट्रीय योजनाओं में इसकी उपयोगिता की जानकारी दी
लखनऊ। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में फील्ड ट्रेनरों के प्रशिक्षण का कार्य पूरा हो गया है। इस क्रम में अलीगंज स्थित केंद्रीय विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत शेष 38 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ। नगर निगम क्षेत्र के लिए निर्धारित कुल 140 फील्ड ट्रेनरों में से 102 को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, एडीएम (एफ/आर), जनगणना विभाग के उप निदेशक डॉ. गौरव पांडेय, सांख्यिकी अन्वेषक श्री रमेश चंद पांडेय तथा जनगणना विभाग की सहायक निदेशक श्रीमती अंकिता, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय कुमार राय सहित संबंधित अधिकारियों ने निरीक्षण किया।
*जनगणना राष्ट्रीय योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार*
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने उपस्थित फील्ड ट्रेनरों को जनगणना के महत्व और राष्ट्रीय योजनाओं के निर्माण में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जनगणना से जुड़े प्रत्येक कार्य को पूरी गंभीरता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करना आवश्यक है।
*पूरी निष्ठा से निभाएं राष्ट्रीय दायित्व*
नगर आयुक्त ने सभी फील्ड ट्रेनरों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जनगणना का कार्य एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जो प्रत्येक दस वर्ष में किया जाता है। सभी प्रशिक्षक इस कार्य को पूरे मनोयोग और निष्ठा के साथ पूरा करें, ताकि जनगणना की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान यदि किसी भी प्रकार की शंका या तकनीकी समस्या हो, तो फील्ड ट्रेनर मास्टर ट्रेनरों से मार्गदर्शन प्राप्त कर अपनी सभी शंकाओं का समाधान कर लें। इससे जनगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा करने में सहायता मिलेगी।