लखनऊ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास को नई गति; अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए अतिरिक्त बजट और विशेष टास्क फोर्स का आग्रह: डॉ. राजेश्वर सिंह

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

* शहरों से गाँवों तक हर क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत हो समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण; विभागों की तय हो जवाबदेही: डॉ. सिंह
* विकास के साथ जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दे रही योगी सरकार—सड़क मरम्मत के लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह
* उत्तर प्रदेश को विकास, निवेश और आधारभूत संरचना में नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार: डॉ. राजेश्वर सिंह

सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को पत्र लिखकर वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत के लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने, विशेष टास्क फोर्स गठित करने तथा अगले तीन माह तक विशेष निगरानी अभियान चलाने का आग्रह किया है।

डॉ. सिंह ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, मेट्रो, एक्सप्रेसवे और अन्य बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं के विस्तार से उत्तर प्रदेश में निवेश, उद्योग और रोजगार को नई गति मिली है। प्रदेश की GSDP लगभग ₹13 लाख करोड़ से बढ़कर करीब ₹39.8 लाख करोड़ तक पहुँचने का अनुमान है, जबकि बजट का आकार लगभग ₹3 लाख करोड़ से बढ़कर ₹9.12 लाख करोड़ से अधिक हो गया है। उत्तर प्रदेश आज राजस्व अधिशेष वाला राज्य है।

उन्होंने कहा कि बड़े विकास कार्यों के साथ आम नागरिकों की स्थानीय समस्याओं का समाधान भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भारी वर्षा के कारण प्रदेश के अनेक क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनकी शीघ्र मरम्मत आवश्यक है। केवल समस्याओं को उठाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना भी जरूरी है।

डॉ. सिंह ने सुझाव दिया कि लोक निर्माण विभाग, नगर निगमों एवं नगर निकायों, जिला पंचायतों, विकास प्राधिकरणों तथा अन्य संबंधित विभागों की स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए। प्रत्येक क्षेत्र में मरम्मत कार्यों की सूची, समय-सीमा और उत्तरदायी अधिकारियों का निर्धारण हो। नियमित निरीक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जाँच और नागरिक शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरम्मत कार्यों का लाभ समय पर जनता तक पहुँचे।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व, निरंतर सहयोग और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने उनके नेतृत्व में विकास, निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जनहित के बड़े लक्ष्यों के साथ स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अतिरिक्त बजट, विशेष टास्क फोर्स और तीन माह के सघन निगरानी अभियान से सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी आएगी तथा प्रदेश के शहरों, कस्बों, वार्डों और गाँवों में नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *