यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– नगर निगम ने 47 प्रमुख एवं 63 छोटे छठ घाटों पर पूरी की तैयारियां, साफ-सफाई से लेकर प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
लखनऊ: लोक आस्था का महापर्व छठ आज शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व के दृष्टिगत लखनऊ नगर निगम द्वारा शहर के सभी छठ पूजा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए की जाने वाली तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम ने शहर में 47 प्रमुख छठ घाटों एवं 63 छोटे घाटों सहित कुल 110 घाटों पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। सभी घाटों पर अंतिम चरण के कार्य पूरे कर लिए गए हैं।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव जी द्वारा विभिन्न छठ पूजा घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा पर्व के दौरान घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
नगर निगम द्वारा सभी 47 प्रमुख घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर घाटों एवं उनके आसपास की सफाई कराई गई है। नदी एवं घाटों से गंदगी, काई, जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट हटाने के साथ ही घाटों को पूजा के अनुकूल बनाया गया है। वहीं, 63 छोटे घाटों पर भी साफ-सफाई, रंगाई-पुताई एवं झालर सजावट सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट, बैरिकेडिंग, पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं सुगम आवागमन के इंतजाम किए गए हैं। महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी व्यवस्थित किया गया है। नदी में गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं।
इसके अतिरिक्त प्रमुख घाटों पर पेयजल के लिए पानी के टैंकर, मोबाइल शौचालय, साफ-सफाई एवं सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सभी घाटों पर कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं, जहां से व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी। स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक चिकित्सा सहायता तथा सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया गया है।
नगर निगम द्वारा घाटों के आसपास की व्यवस्थाओं के साथ ही श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन एवं यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है, ताकि छठ पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें।
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि छठ पर्व के दौरान सभी घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की निरंतर निगरानी की जाए। नगर निगम की टीमें पर्व के दौरान भी घाटों पर सक्रिय रहेंगी, जिससे व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में छठ पूजा संपन्न कर सकें।