यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में स्वच्छता, जलभराव रोकथाम और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर दिया जोर
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के मद्देनजर शनिवार को माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने जोन-8 स्थित जोनल कार्यालय में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, नगर निगम अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय एवं समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, नाला-नाली सफाई, अतिक्रमण हटाने, राजस्व वसूली, विकास कार्यों की प्रगति तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मा० कार्यकारिणी सदस्य श्री के.एन. सिंह जी, पार्षद श्री कौशलेंद्र द्विवेदी जी, श्री सौरभ सिंह ‘मोनू’ जी, श्री हिमांशु अंबेडकर जी, नामित पार्षद श्रीमती नेहा सिंह जी, पार्षद प्रतिनिधि श्री लवकुश रावत जी, श्री विमल तिवारी जी, श्री संजीव अवस्थी जी एवं श्री प्रमोद यादव जी उपस्थित रहे। वहीं नगर निगम से अपर नगर आयुक्त डॉ अरविंद कुमार राव, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी श्री विकास सिंह, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी समेत कार्यदायी संस्था लायन एनवायरो के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
*नालों एवं नालियों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने बरसात के दृष्टिगत नाला एवं नाली सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि 15 जून तक सभी नालों एवं नालियों की शत-प्रतिशत सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं।
*स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए*
महापौर ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 को देखते हुए प्रत्येक वार्ड में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। वार्डवार सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर क्षेत्रीय समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।
*अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के खिलाफ चलाया जाए विशेष अभियान*
बैठक में महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण की पहचान कर उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही अवैध पार्किंग और यातायात बाधित करने वाले कब्जों को हटाने के लिए नियमित अभियान संचालित किया जाए।
*बरसात से पूर्व संसाधनों और वाहनों की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश*
महापौर ने कूड़ा उठान व्यवस्था एवं सफाई कार्यों में लगे वाहनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी वाहनों का समय पर रखरखाव कराया जाए तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे बरसात के दौरान सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
*अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश*
महापौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा जनता से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।