यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
*मजिस्ट्रीयल जांच के आदेश*
सहारनपुर। *(सूचना विभाग):* चिलकाना और सरसावा थाना क्षेत्र के अंतर्गत डूमवाला मार्ग पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर अहसन उर्फ एहसान पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारा गया। इस मुठभेड़ में थानाध्यक्ष सरसावा और मुख्य आरक्षी सोनू कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बदमाश जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मृतक अपराधी अहसन बेहद शातिर किस्म का था, जिस पर विभिन्न थानों में लूट और डकैती के ढाई दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे। बदमाशों की फायरिंग में थानाध्यक्ष चिलकाना की सरकारी गाड़ी का शीशा भी टूट गया।
माननीय उच्चतम न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा इस घटना की मजिस्ट्रीयल जांच के लिए उप ज़िला मजिस्ट्रेट (SDM) सदर को नामित किया गया है। यदि कोई व्यक्ति या परिजन इस मामले में लिखित अथवा मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत करना चाहता है, तो वह 11 जून तक किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे के बीच SDM सदर कार्यालय में उपस्थित होकर अपने बयान दर्ज करा सकता है।