यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– नगर निगम, आईईसी टीम और स्वच्छता कर्मियों ने चलाया विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर लखनऊ नगर निगम द्वारा शहरभर में “जीरो वेस्ट भंडारा” अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर निगम के अनुसार इस अवसर पर शहर में कुल 208 भंडारे आयोजित किए गए, जहां स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए गए।
*भंडारा स्थलों पर स्वच्छता और कचरा पृथक्करण पर विशेष जोर*
लखनऊ स्वच्छता अभियान की टीम द्वारा बड़े मंगल के अवसर पर विभिन्न भंडारा स्थलों पर विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक स्थल पर गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण हेतु अलग-अलग डस्टबिन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई। श्रद्धालुओं एवं आयोजकों से अपील की गई कि वे उत्पन्न होने वाले कचरे को केवल निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा कचरा केवल नगर निगम की अधिकृत कचरा संग्रहण गाड़ियों को ही सौंपें। इस पहल का उद्देश्य भंडारों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखते हुए आयोजनों को पूर्णतः “जीरो वेस्ट इवेंट” के रूप में सफल बनाना रहा।
*चंदन हॉस्पिटल का विशाल भंडारा बना जीरो वेस्ट इवेंट का उदाहरण*
लखनऊ नगर निगम की आईईसी टीम ने जोन-4 स्थित चंदन हॉस्पिटल द्वारा आयोजित विशाल भंडारे को सफलतापूर्वक “जीरो वेस्ट इवेंट” के रूप में संचालित कराया। इस दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित करते हुए उसे अलग-अलग डस्टबिनों में संग्रहित कराया गया। टीम ने उपस्थित श्रद्धालुओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता एवं स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण के महत्व के बारे में जागरूक किया। साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के उपयोग के प्रति भी लोगों को प्रेरित किया गया।
*जोन-7 में भी चला जागरूकता अभियान*
जोन-7 के चर्च रोड के निकट आयोजित भंडारे में भी “जीरो वेस्ट भंडारा” कार्यक्रम संचालित किया गया। यहां स्वच्छता कर्मियों को स्थल पर फैले कचरे को एकत्र कर डस्टबिन में डालने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को जागरूक किया गया कि आसपास का कचरा खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता एवं सुंदरता बनी रहे।
*लायन एनवायरो लखनऊ के कर्मचारियों ने संभाली स्वच्छता की कमान*
बड़े मंगल के अवसर पर शहर के विभिन्न भंडारा स्थलों पर लायन एनवायरो लखनऊ के कर्मचारियों द्वारा भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। “जीरो वेस्ट भंडारा” के तहत अपशिष्ट प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई और उत्पन्न कचरे का पृथक्करण कर उसके उचित निस्तारण को सुनिश्चित किया गया। कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, निर्धारित स्थान पर कचरा डालने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए जागरूक किया।
*आठों जोनों में सघन निगरानी एवं विशेष व्यवस्थाएं*
ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के अवसर पर नगर निगम द्वारा शहर के सभी आठों जोनों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं जनसुविधाओं की विशेष निगरानी की गई। जोनल सेनेटरी अधिकारियों के नेतृत्व में नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न भंडारा स्थलों का निरीक्षण करती रहीं, जिससे कार्यक्रमों के दौरान और बाद में साफ-सफाई की व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं। नगर निगम के इस विशेष अभियान ने धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
*स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल आयोजनों का संदेश*
नगर निगम, आईईसी टीम, स्वच्छता कर्मियों एवं विभिन्न संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से बड़े मंगल के धार्मिक आयोजनों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।