लखनऊ नगर निगम 94.50 लाख रुपये मूल्य की सरकारी भूमि कब्जामुक्त, नगर निगम ने अवैध निर्माणों पर चलाया बुलडोजर

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– नगर आयुक्त के निर्देश पर दो जगहों पर चला विशेष अभियान

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत मंगलवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम गनेशपुर रहमानपुर एवं ग्राम उत्तरधौना में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया। यह कार्रवाई अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी सम्पत्ति श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने संपन्न कराई।

*बाउंड्रीवॉल और अवैध प्लॉटिंग को जेसीबी से किया गया ध्वस्त*

नगर निगम के अनुसार ग्राम गनेशपुर रहमानपुर की गाटा संख्या-455, क्षेत्रफल 0.4980 हेक्टेयर बंजर भूमि तथा ग्राम उत्तरधौना की गाटा संख्या-01, क्षेत्रफल 9.912 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में नगर निगम में निहित शासकीय भूमि के रूप में दर्ज हैं। इन भूमियों पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवॉल निर्माण एवं प्लॉटिंग कर सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

*राजस्व एवं प्रवर्तन दल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई*

अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम श्री राजेन्द्र कुमार एवं राजस्व निरीक्षक श्री प्रदीप गिरि ने किया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के लेखपाल विनोद कुमार वर्मा, आशुतोष कुमार, कविता तिवारी एवं संजू मौर्य सहित नगर निगम प्रवर्तन दल (ईटीएफ) की टीम मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चिनहट थाना पुलिस तथा पीएसी बल की भी तैनाती की गई थी।

*करीब 5,650 वर्ग फीट भूमि हुई कब्जामुक्त*

इस अभियान के तहत ग्राम गनेशपुर रहमानपुर से लगभग 650 वर्ग फीट तथा ग्राम उत्तरधौना से लगभग 5,000 वर्ग फीट बेशकीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। नगर निगम के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य क्रमशः लगभग 19.50 लाख रुपये एवं 75 लाख रुपये आंका गया है। प्रशासन ने इसे सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *