गोमती नगर वार्ड की जन चौपाल में नागरिकों ने रखीं समस्याएं

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– पेयजल, सीवर एवं नाले की मरम्मत को लेकर उठीं शिकायतें, महापौर ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ केंद्र सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में जन चौपाल अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जोन-4 के गोमती नगर वार्ड स्थित मारुति पुरम पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल में क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।

*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*

इस अवसर पर मा० पार्षद कौशल शंकर पाण्डेय राजेश सिंह ‘गब्बर’ संजय सिंह राठौर , मंडल अध्यक्ष अभिषेक राय, पूर्व पार्षद राम कुमार वर्मा अवधेश मिश्रा जी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य लेखा अधिकारी महामिलिंद लाल महाप्रबंधक जलकल श्री कुलदीप सिंह जी, जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर पंकज शुक्ला सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

*पेयजल आपूर्ति की समस्या प्रमुखता से उठी*

जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मारुति पुरम एवं आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की समस्या को प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पानी की किल्लत बनी हुई है, जिससे दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

*क्षतिग्रस्त नाले की मरम्मत जल्द होगी शुरू*

क्षेत्रीय नागरिकों ने क्षेत्र से गुजरने वाले एचएएल नाले के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी रखी। लोगों ने बताया कि नाले की जर्जर स्थिति के कारण कई प्रकार की समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इस पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने जानकारी देते हुए बताया कि नाले की मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है तथा शीघ्र ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

*सीवर व्यवस्था को लेकर भी जताई गई नाराजगी*

जन चौपाल में स्थानीय लोगों द्वारा सीवर से संबंधित समस्याएं भी उठाई गईं। नागरिकों ने बताया कि कई स्थानों पर सीवर व्यवस्था प्रभावित होने से गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सीवर लाइनों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*आवारा कुत्तों की समस्या पर कार्रवाई के निर्देश*

जन चौपाल के दौरान क्षेत्रीय नागरिकों ने आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और डॉग बाइट की घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में अक्सर कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों में भय का माहौल बना रहता है।

महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान हेतु प्रभावी अभियान चलाया जाए तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

*जन चौपाल के माध्यम से हो रहा समस्याओं का समाधान*

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जन चौपाल इसी दिशा में एक प्रभावी पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *