यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– अवैध मीट दुकानों, जर्जर सीवर-पेयजल पाइपलाइन एवं कूड़ा उठान की समस्याओं पर महापौर ने दिए कड़े निर्देश
लखनऊ। केंद्र सरकार में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत बुधवार को जोन-4 के कॉल्विन कॉलेज निशातगंज वार्ड में जन चौपाल का आयोजन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में किया गया। जन चौपाल में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।
*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*
कार्यक्रम में मा० पार्षद श्री प्रमोद सिंह राजन जी, श्री राजेश सिंह ‘गब्बर’ जी, श्री संजय सिंह राठौर जी, नामित पार्षद श्री पंकज बोस जी, पूर्व पार्षद श्री राम कुमार वर्मा जी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव जी, मुख्य लेखा अधिकारी श्री महामिलिंद लाल जी, महाप्रबंधक जलकल श्री कुलदीप सिंह जी, जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी जी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री पंकज शुक्ला जी सहित अन्य अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
*अवैध मीट दुकानों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश*
जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में संचालित कुछ अवैध मीट दुकानों की शिकायत की। लोगों ने बताया कि दुकानों के एग्जॉस्ट फैन सड़क की ओर लगाए गए हैं तथा नवरात्र सहित अन्य अवसरों पर वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे विशेष रूप से महिलाओं को आवागमन में असुविधा होती है।
इस पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने जोनल अधिकारी को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*जर्जर सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन से दूषित पानी की समस्या*
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में सीवर एवं पेयजल पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी हैं, जिसके कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है तथा कई स्थानों पर दूषित पानी की समस्या उत्पन्न हो रही है। नागरिकों ने सीवर लीकेज की शिकायत भी दर्ज कराई।
महापौर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक जलकल श्री कुलदीप सिंह जी को आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
*राजकीय इंटर कॉलेज का खेल मैदान बचाने की उठी मांग*
जन चौपाल में स्थानीय नागरिकों ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में स्थित खेल मैदान को संरक्षित रखने की मांग उठाई। लोगों ने बताया कि मैदान के स्थान पर भवन निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, जिससे क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध खेल सुविधा प्रभावित होगी।
इस पर महापौर ने नागरिकों से इस संबंध में एक लिखित प्रार्थना पत्र उपलब्ध कराने को कहा तथा आश्वासन दिया कि वह इस विषय को शासन स्तर पर उठाकर आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्राचार करेंगी।
*सीवर कनेक्शन एवं गैस पाइपलाइन विस्तार का विषय भी उठा*
बाल्दा कॉलोनी के नागरिकों ने सीवर कनेक्शन से संबंधित समस्याएं महापौर के समक्ष रखीं। वहीं निशातगंज गली संख्या-1 के निवासियों ने क्षेत्र की सभी गलियों में गैस पाइपलाइन विस्तार की मांग की।
महापौर ने नागरिकों से इस संबंध में लिखित प्रस्ताव उपलब्ध कराने का अनुरोध किया और कहा कि नगर निगम स्तर से संबंधित गैस पाइपलाइन कंपनी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया जाएगा।
*कूड़ा प्रबंधन में जनसहभागिता की आवश्यकता पर दिया जोर*
जन चौपाल के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ स्थानों पर लोग स्वयं सड़कों एवं बैक लेन में कूड़ा डाल देते हैं तथा कूड़ा वाहन को कूड़ा देने के बजाय खुले में फेंक देते हैं। इस पर महापौर ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है जितनी प्रशासन की जिम्मेदारी।
उन्होंने अधिकारियों को ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
*कूड़ा उठान की शिकायतों पर 15 दिन में समाधान के निर्देश*
क्षेत्रवासियों ने नियमित कूड़ा उठान न होने की शिकायत भी की। इस पर महापौर ने जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री पंकज शुक्ला जी को निर्देशित किया कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी लंबित शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू की जाए।
*जन चौपाल बन रही जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिले।