यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– नाला सफाई कार्य 10 दिन में पूरा करने के निर्देश, सीवर लाइन निर्माण में अनियमितताओं का मुद्दा भी उठा
लखनऊ केंद्र सरकार में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जोन-5 के गुरु नानक नगर वार्ड स्थित गुलाब वाटिका, चंदर नगर, आलमबाग में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता कर अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।
*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*
जन चौपाल में मा० पार्षद श्री पीयूष दीवान जी, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव जी, उपनगर आयुक्त श्रीमती रश्मि भारती जी, सहायक अभियंता श्री कैलाश कुमार जी, कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह जी, सहायक अभियंता आरआर श्री अभिजीत यादव जी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
*नाला सफाई का मुद्दा प्रमुखता से उठा*
जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में नालों की सफाई न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। लोगों ने बताया कि समय पर सफाई न होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है तथा बरसात के मौसम में जलभराव की आशंका बनी हुई है।
इस पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने संबंधित अधिकारियों को नाला सफाई का कार्य आगामी 10 दिनों के भीतर पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 10 दिन बाद वह स्वयं नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। महापौर ने यह भी निर्देश दिए कि जब तक कार्य पूर्ण नहीं हो जाता, तब तक संबंधित कार्यों का कोई भुगतान नहीं किया जाएगा।
*नालियों एवं सीवर सफाई की शिकायतें भी आईं सामने*
क्षेत्रवासियों ने नालियों की नियमित सफाई न होने तथा सीवर व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की शिकायत भी की। नागरिकों ने बताया कि कई स्थानों पर नालियां अवरुद्ध हैं और सीवर की सफाई समय पर नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।
*सीवर लाइन निर्माण में अनियमितताओं की शिकायत, जल निगम से वार्ता का आश्वासन*
जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की सबसे प्रमुख समस्या के रूप में जल निगम द्वारा कराए गए सीवर लाइन निर्माण कार्य की शिकायत उठाई। नागरिकों ने बताया कि नियमानुसार दो मकानों के बीच एक चैंबर बनाया जाना चाहिए था, लेकिन कई स्थानों पर प्रत्येक मकान के सामने अलग-अलग चैंबर बना दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सीवर लाइन डालने के बाद जिन सड़कों को खोदा गया था, उन्हें भी कई स्थानों पर अब तक ठीक नहीं कराया गया है।
लोगों ने बताया कि कई चैंबर ऊंचे-नीचे बने हुए हैं, जिससे राहगीरों एवं स्थानीय निवासियों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई लोगों के चोटिल होने की शिकायत भी जन चौपाल में रखी गई।
इस पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस विषय को गंभीरता से लेते हुए जल निगम के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी तथा संबंधित शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोपरि है और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
*समर्सिबल की टाइम मशीन खराब होने से जल रही हैं मोटरें*
जन चौपाल में स्थानीय लोगों ने समर्सिबल पंपों में लगी टाइम मशीनों के खराब होने की समस्या भी उठाई। नागरिकों ने बताया कि उपकरणों के सही ढंग से कार्य न करने के कारण मोटरें बार-बार जल जाती हैं, जिससे जलापूर्ति प्रभावित होती है और अनावश्यक आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
महापौर ने अधिकारियों को इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक तकनीकी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश*
क्षेत्रवासियों द्वारा मार्ग प्रकाश व्यवस्था से संबंधित अनेक शिकायतें भी रखी गईं। लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जिससे रात के समय आवागमन में परेशानी होती है।
इस पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने तथा मार्ग प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
*जन चौपाल बन रही समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।