यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– जेसीबी से ध्वस्त की गई अवैध बाउंड्रीवॉल और प्लाटिंग, डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की भूमि कब्जे से मुक्त
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम बसहा, तहसील बक्शी का तालाब में बड़ी कार्रवाई की गई। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश तथा अपर नगर आयुक्त श्री पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी अधिकारी सम्पत्ति श्री रामेश्वर प्रसाद तथा तहसीलदार नगर निगम श्री अरविन्द पाण्डेय द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने अभियान चलाकर सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया।
*नगर निगम की भूमि पर की जा रही थी अवैध प्लाटिंग*
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ग्राम बसहा स्थित गाटा संख्या 262 एवं 265 राजस्व अभिलेखों में नगर निगम की भूमि के रूप में दर्ज हैं। कुछ लोगों द्वारा इन भूमियों पर अवैध रूप से बाउंड्रीवॉल बनाकर प्लाटिंग की जा रही थी तथा सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
*नायब तहसीलदार के नेतृत्व में चला अभियान*
अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई का नेतृत्व नायब तहसीलदार नगर निगम श्री राजेन्द्र कुमार ने किया। अभियान में तहसील स्टाफ के साथ नगर निगम के लेखपाल श्री आशुतोष कुमार एवं श्री विनोद कुमार वर्मा भी मौजूद रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुडम्बा थाना पुलिस का पर्याप्त बल भी मौके पर तैनात रहा।
*डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की भूमि हुई मुक्त*
नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान ग्राम बसहा में लगभग 16,000 वर्गफीट बेशकीमती सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। अधिकारियों के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 1.50 करोड़ रुपये आंका गया है।