यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी : डॉ. राजेश्वर सिंह
सेवा, संस्कार और सतत विकास से सरोजनीनगर में पर्यावरण चेतना को मिल रही नई दिशा
लखनऊ: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में संचालित “Net Zero 2040 तथा Environment Warrior” अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में आज विभिन्न जनकल्याणकारी एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। धार्मिक स्थलों पर पूजन सामग्री एवं पौधों का वितरण, मेधावी छात्र का सम्मान, विधायक कार्यालय पर पौध वितरण तथा लोक बंधु अस्पताल में संचालित माँ तारा शक्ति निःशुल्क रसोई के माध्यम से सेवा कार्यों को आगे बढ़ाया गया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से सरोजनीनगर में “Environment Warrior” तैयार करने का अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाने एवं उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य अधूरा है और समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
इसी क्रम में सरोजनीनगर मंडल के बादे खेड़ा स्थित श्री शीतला माता मंदिर एवं लाला खेड़ा स्थित श्री हनुमान जी मंदिर में टीम राजेश्वर द्वारा पूजन-अर्चन सामग्री एवं पौधों का वितरण कर श्रद्धालुओं को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ‘Net Zero’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण हेतु पौधे भी समर्पित किए गए। उल्लेखनीय है कि दोनों मंदिरों के विकास हेतु माननीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा पूर्व में क्रमशः ₹50,000 एवं ₹25,000 की सहयोग राशि प्रदान की जा चुकी है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विवेक राजपूत एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
शिक्षा एवं प्रतिभा सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए हनुमानपुरी निवासी आयुष कुमार ओझा को कक्षा 10वीं की परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विधायक की ओर से लैपटॉप भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा और पर्यावरण—दोनों ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं तथा युवा पीढ़ी इन दोनों क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएगी।
विधायक कार्यालय पर भी आगंतुकों को पौधों का वितरण करते हुए उन्हें “Environment Warrior” बनने का आह्वान किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल का संकल्प भी लें। इस अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ भविष्य के नाम” का संदेश देते हुए अधिकाधिक नागरिकों से हरित एवं कार्बन-न्यूट्रल भारत के निर्माण में सहभागिता की अपील की गई।
डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में प्रतिदिन संचालित माँ तारा शक्ति निःशुल्क रसोई द्वारा आज भी लोक बंधु अस्पताल और प्राग कार्यालय पर मरीजों, उनके परिजनों, राहगीरों एवं जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन वितरित किया गया। इस सेवा कार्य में मंडल महामंत्री नीरज शाह, श्याम त्रिपाठी एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। यह सेवा अभियान प्रतिदिन निरंतर संचालित हो रहा है और जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत का माध्यम बना हुआ है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि “सेवा, संस्कार और सतत विकास” ही विकसित समाज की पहचान हैं। Net Zero एवं Environment Warrior अभियान के माध्यम से सरोजनीनगर में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक हरित, स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” तथा “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ भविष्य के नाम” के संदेश के साथ टीम राजेश्वर जनसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के इन अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।