लाल बहादुर शास्त्री द्वितीय वार्ड की जन चौपाल में नागरिकों ने रखीं समस्याएं

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

– कूड़ा उठान, नाला सफाई, सीवर व्यवस्था एवं सड़क निर्माण को लेकर महापौर ने दिए कड़े निर्देश

लखनऊ। केंद्र सरकार में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत शनिवार को जोन-7 के लाल बहादुर शास्त्री द्वितीय वार्ड में श्वेता पार्क, लिबर्टी कॉलोनी, सर्वोदय नगर में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।

*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*

कार्यक्रम में मा० पार्षद श्री भूपेंद्र शर्मा जी, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव जी, जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद जी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय कुमार राय जी, महानगर उपाध्यक्ष श्रीमती सीता नेगी जी, उद्यान अधीक्षक श्री गंगाराम गौतम जी, अधिशासी अभियंता श्री संजय कुमार पाण्डेय जी, अधिशासी अभियंता जलकल श्री ओमप्रकाश राम जी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री अजीत राय जी, मंडल संयोजक श्रीमती हेमा डोबरियाल जी, पूर्व पार्षद श्री मनोज अवस्थी जी सहित नगर निगम, जलकल विभाग एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

*डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की शिकायत पर एलएसए को फटकार*

जन चौपाल के दौरान सर्वोदय नगर स्थित आरएलबी स्कूल के आसपास डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन नियमित रूप से न होने की शिकायत स्थानीय नागरिकों द्वारा की गई। इस पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

महापौर ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों से प्रतिदिन कूड़ा उठान न होने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां के कम से कम 30 घरों से रिपोर्ट तैयार कर सत्यापन किया जाए कि वास्तव में कूड़ा संग्रहण नियमित रूप से हो रहा है या नहीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

*जर्जर सार्वजनिक शौचालय एवं पार्क विकास का मुद्दा उठा*

स्थानीय नागरिकों ने सर्वोदय नगर स्थित एक जर्जर सुलभ शौचालय को हटाने की मांग रखी। इस पर महापौर ने कहा कि पहले संबंधित स्थल का परीक्षण कराया जाएगा। यदि वह क्षेत्र सार्वजनिक शौचालय की आवश्यकता वाले क्षेत्र में आता है तो उसका जीर्णोद्धार कराया जाएगा, अन्यथा उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

नागरिकों ने यह भी बताया कि क्षेत्र के पार्कों का समुचित विकास न होने के कारण वहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

*सड़क निर्माण की मांग पर अधिकारियों को दिए निर्देश*

जन चौपाल के दौरान सर्वोदय नगर क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग भी स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई। महापौर ने अधिकारियों को क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।

*नाला सफाई में लापरवाही पर भुगतान रोकने के निर्देश*

शक्ति नगर से गुजरने वाले नाले की सफाई को लेकर स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की कि सफाई कार्य संतोषजनक ढंग से नहीं किया गया है। इस पर माननीय महापौर ने अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि यदि नाले की सफाई कार्य में अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित संस्था का भुगतान तत्काल प्रभाव से रोक दिया जाए।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

*सीवर सफाई को लेकर स्वेज इंडिया को लगाई फटकार*

जन चौपाल में स्थानीय नागरिकों ने सीवर सफाई कार्यों को लेकर भी शिकायतें दर्ज कराईं। लोगों ने बताया कि कई स्थानों पर सीवर की सफाई समय पर नहीं की जाती, जिससे समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।

इस पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने स्वेज इंडिया संस्था को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि सीवर सफाई का कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

*रोड स्वीपिंग व्यवस्था की भी मिली शिकायत*

जन चौपाल के दौरान रोड स्वीपिंग व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें प्राप्त हुईं। स्थानीय नागरिकों ने कुछ क्षेत्रों में नियमित सफाई न होने का मुद्दा उठाया। इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को रोड स्वीपिंग व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*जन चौपाल बन रही समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच*

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *