यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– कूड़ा उठान में लापरवाही पर एलएसए को फटकार, खुले नाले की कवरिंग का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश
लखनऊ। केंद्र सरकार में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत शनिवार को जोन-7 के लोहियानगर वार्ड में सेक्टर-5 विकास नगर स्थित मा० पार्षद कार्यालय पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।
*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*
कार्यक्रम में मा० पार्षद श्री राकेश मिश्रा जी, नामित पार्षद श्री किशन पाल जी, मंडल अध्यक्ष श्री नरेंद्र देवड़ी जी, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव जी, जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद जी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय कुमार राय जी, उद्यान अधीक्षक श्री गंगाराम गौतम जी, अधिशासी अभियंता श्री संजय कुमार पाण्डेय जी, अधिशासी अभियंता जलकल श्री ओमप्रकाश राम जी तथा जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री अजीत राय जी उपस्थित रहे।
*कूड़ा उठान में अनियमितता पर एलएसए कर्मियों को लगाई फटकार*
जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की कि बीते एक सप्ताह से क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ियां एक दिन छोड़कर एक दिन आ रही हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने मौके पर ही लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) के कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई तथा निर्देश दिए कि क्षेत्र में प्रतिदिन नियमित रूप से कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को स्वच्छता सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
*पानी में बालू आने की शिकायत पर जलकल विभाग को निर्देश*
विकास नगर सेक्टर-3 एवं सेक्टर-5 के नागरिकों ने पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं उठाईं। लोगों ने बताया कि पानी में बालू आ रही है, जिससे पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और घरेलू उपयोग में भी कठिनाई हो रही है।
इस पर महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच कर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
*नए ट्यूबवेलों से मिलेगी राहत*
जन चौपाल के दौरान महापौर ने क्षेत्रीय नागरिकों को बताया कि क्षेत्र में दो नए ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं तथा दो और ट्यूबवेल स्थापित किए जाने का प्रस्ताव तैयार है। उन्होंने कहा कि नए ट्यूबवेल शुरू होने के बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और नागरिकों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा।
*पार्क की इंटरलॉकिंग टाइल्स दुरुस्त करने के निर्देश*
स्थानीय नागरिकों ने पार्क में लगी इंटरलॉकिंग टाइल्स के धंस जाने एवं क्षतिग्रस्त होने की शिकायत भी रखी। लोगों ने बताया कि इससे पार्क में आने वाले लोगों को असुविधा होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस पर माननीय महापौर ने अधिशासी अभियंता को इंटरलॉकिंग टाइल्स की मरम्मत एवं समतलीकरण का कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।
*खुले नाले की कवरिंग के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश*
विकास नगर क्षेत्र के नागरिकों ने खुले नाले की समस्या प्रमुखता से उठाई। लोगों ने बताया कि नाले से निकलने वाली दुर्गंध एवं गैस के कारण जहां एक ओर क्षेत्र का वातावरण प्रभावित हो रहा है, वहीं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों जैसे एसी एवं फ्रिज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी व्यक्त कीं।
इस पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने अभियंत्रण विभाग को नाले की कवरिंग के लिए विस्तृत एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि आवश्यक वित्तीय स्वीकृति एवं बजट उपलब्ध होते ही नाले को ढकने की दिशा में कार्य कराया जाएगा।
*मॉडल वेंडिंग जोन की मांग भी उठी*
जन चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में एक मॉडल वेंडिंग जोन विकसित किए जाने की मांग भी रखी। नागरिकों का कहना था कि इससे रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा तथा यातायात एवं अतिक्रमण संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को इस प्रस्ताव का परीक्षण कर व्यवहारिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
*जन चौपाल बन रही समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम*
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि जन चौपाल अभियान का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।