चिनहट तिराहे पर नगर निगम का बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

– 18 ठेले, 3 गुमटियां, लोहे का काउंटर समेत अवैध कब्जे हटाए गए, सड़क पर लग रही फल मंडी भी हटाई गई

लखनऊ। नगर निगम जोन-4 के अंतर्गत चिनहट तिराहे पर शनिवार को अतिक्रमण के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। जोनल अधिकारी श्रीमती शिल्पा कुमारी जी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाना था।

*नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई*
अभियान में जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री पंकज शुक्ला जी, एसएफआई श्री राकेश कुमार जी, श्री बाल गोविंद जी, श्रीमती रश्मि शुक्ला जी तथा चिनहट थाना प्रभारी श्री तेज प्रताप शुक्ला जी सहित भारी संख्या में पुलिस बल एवं नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने चिनहट तिराहे एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई की।

*अवैध फल मंडी, मीट की दुकानों और बैंड-बाजा गाड़ियों पर कार्रवाई*
कार्रवाई के दौरान सड़क पर अवैध रूप से संचालित की जा रही फल मंडी को हटाया गया। इसके अलावा सार्वजनिक मार्गों पर खड़ी बैंड-बाजा गाड़ियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने अवैध रूप से संचालित की जा रही मीट की दुकानों को भी हटाते हुए संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी।

*18 ठेले, 3 गुमटियां और अन्य सामान जब्त*
अभियान के दौरान नगर निगम की टीम ने 18 ठेले, 3 गुमटियां, 01 लोहे का काउंटर समेत अन्य अतिक्रमणकारी सामान जब्त किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

*अभियान आगे भी रहेगा जारी*
जोनल अधिकारी जोन 4 श्रीमती शिल्पा कुमारी ने बताया कि जोन 4 को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं। सार्वजनिक मार्गों एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *