यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज झांसी में विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री जी ने जनपद में संचालित “जनसंवाद” पहल की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के त्वरित एवं संतुष्टिपरक समाधान के लिए ऐसे नवाचारों को व्यापक स्तर पर अपनाया जाना चाहिए।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जी ने अवैध खनन, गो तस्करी, भू-माफिया एवं शराब माफियाओं के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन को स्रोत पर ही रोका जाए, सीसीटीवी आधारित निगरानी को मजबूत किया जाए तथा ओवरलोडिंग के विरुद्ध भी प्रभावी अभियान चलाया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने बुंदेलखंड के समग्र विकास, किसानों की आय वृद्धि एवं युवाओं के रोजगार सृजन पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उद्यमी बनाने, एफपीओ द्वारा तैयार मिलेट उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने तथा बीडा में स्थानीय युवाओं के लिए कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री जी ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस पेट्रोलिंग को बढ़ाने और फुट पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने, आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करने तथा जनहित की सभी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया।