यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
अलीगंज सेक्टर-डी स्थित कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने की दुखद घटना की सूचना मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी को तत्काल कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग करने के निर्देश दिए।
निर्देश प्राप्त होते ही भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशासन, पुलिस तथा बचाव दलों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय सहयोग किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घायलों एवं उनके परिजनों की हरसंभव सहायता की तथा घटनास्थल पर व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग प्रदान किया। भाजपा कार्यकर्ताओं की तत्परता और सेवा भावना ने मानवता का परिचय दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए भाजपा लखनऊ महानगर के सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिए गए,।
प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक एवं पीड़ादायक घटना है। उन्होंने कहा, “इस संकट की घड़ी में भारतीय जनता पार्टी का पूरा परिवार शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता निरंतर सेवा कार्य में लगे हुए हैं।”
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने भी घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता समाज सेवा के संकल्प के साथ हर आपदा और संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।