यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
ब्यूरो प्रमुख दुर्गेश अवस्थी
रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ के परशदेपुर चौकी के अंतर्गत कनकपुर गाँव में एक पत्नी ने अपने भाई के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से लाठियों से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो इलाके में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है।
भाई ने पकड़ा, बहन ने बरसाईं लाठियाँ
जानकारी के अनुसार, कनकपुर गाँव में किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी ने आपा खो दिया और अपने भाई को बुला लिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि साले ने अपने जीजा को कसकर पकड़ रखा है, जबकि पत्नी बिना किसी रहम के उस पर लाठियाँ बरसा रही है।
मदद की गुहार लगाता रहा पीड़ित पति
मारपीट के दौरान पीड़ित पति खुद को बचाने के लिए लगातार चीखता-चिल्लाता रहा और आस-पास के लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा। लेकिन दबंगई के आगे कोई उसे बचाने तुरंत आगे नहीं आया। इस पूरी वारदात का किसी ने चुपके से वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
अब यह वायरल वीडियो पुलिस के पास भी पहुँच चुका है, और डीह थाना पुलिस व परशदेपुर चौकी पुलिस मामले की जाँच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।