यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
तारा खेड़ा, 5 जुलाई 2026। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित जनसंपर्क एवं समस्या समाधान अभियान “आपका विधायक, आपके द्वार” के 174वें सप्ताह के अंतर्गत तारा खेड़ा ग्राम पंचायत में ग्राम बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विषयों के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया।
बैठक के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ग्राम पंचायत के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वंदना वर्मा (पुत्री श्री संतोष कुमार) – 68%, अनुराधा (पुत्री श्री छेदी लाल) – 67%, सलमा (पुत्री श्री बाबूलाल) – 63% तथा ललित (पुत्र श्री अमरपाल) – 60% को उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे सशक्त नींव है तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत विजन प्लस के सहयोग से एक विशेष निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से 50 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क पावर के चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को बेहतर नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य भी समग्र विकास का महत्वपूर्ण आधार है और समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल समस्याओं का समाधान करना ही नहीं, बल्कि गांव-गांव तक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है। उन्होंने कहा कि “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है और यह जनसेवा का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सम्मानित नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। सभी ने क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।