यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
लखनऊ: नगर निगम ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों को हटाने के लिए कार्रवाई की गई, ताकि आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
*मामा चौराहे से यादव लोहा भंडार तक हटाया गया अतिक्रमण*
नगर निगम के जोन-3 क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देश पर मामा चौराहे से यादव लोहा भंडार तक सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवैध रूप से किए गए अस्थायी कब्जों को हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
*जानकीपुरम में गुमटी और मड़ैया रखकर किए गए अवैध कब्जों पर कार्रवाई*
अभियान के अंतर्गत जानकीपुरम द्वितीय में पार्षद जी के आवास के सामने गुमटी रखकर किए गए अतिक्रमण तथा बजरंग चौराहा, जानकीपुरम में मड़ैया बनाकर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम ने संबंधित स्थलों पर पुनः अतिक्रमण न होने सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। इस संबंध में क्षेत्रीय पुलिस विभाग को पत्र प्रेषित कर सहयोग मांगा गया है, ताकि भविष्य में अवैध अस्थायी कब्जों और अतिक्रमण की पुनरावृत्ति को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।