यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
– नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर जोन-3, जोन-5 एवं जोन-8 में चलाया गया विशेष अभियान, यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों पर की गई कार्रवाई
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ ने शहर में लगातार बढ़ते अवैध अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में सघन अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर नगर निगम की टीमों ने पुलिस बल के सहयोग से अवैध कब्जों को हटाते हुए संबंधित अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की।
*जानकीपुरम और इंजीनियरिंग कॉलेज ओवरब्रिज क्षेत्र में चला विशेष अभियान*
जोन-3 के जोनल अधिकारी श्री अजीत राय के निर्देशन में जानकीपुरम द्वितीय के सेक्टर-जे, सेक्टर-डी अलीगंज तथा सीतापुर रोड से मड़ियांव होते हुए इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा जाने वाले ओवरब्रिज के प्रारंभिक बिंदु पर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया।
इंजीनियरिंग कॉलेज ओवरब्रिज के समीप प्रतिदिन लगने वाले भीषण यातायात जाम को देखते हुए क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। साथ ही, भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा न हो, इसके लिए क्षेत्रीय पुलिस विभाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भी प्रेषित किया गया है।
*आलमबाग से सुजानपुरा टेढ़ी पुलिया तक हटाए गए अवैध कब्जे*
जोन-5 क्षेत्र में आलमबाग चौराहे से सुजानपुरा टेढ़ी पुलिया तक अतिक्रमणकारियों द्वारा लगाए गए ठेले, खुमचे, गुमटियों और काउंटरों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान 8 ठेले, 3 गुमटियां और 3 काउंटर हटाकर जब्त किए गए।
अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों से 2,500 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं, गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3,000 रुपये का अतिरिक्त शमन शुल्क भी वसूल किया गया। संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
जोन-5 में यह अभियान जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, जोनल सेनेटरी अधिकारी श्री सचिन सक्सेना, राजस्व निरीक्षक श्री धीरेन्द्र प्रताप सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सुभाष चौधरी, प्रवर्तन दल (296) तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
*तेलीबाग क्षेत्र में वृहद अतिक्रमण विरोधी अभियान*
जोन-8 के जोनल अधिकारी डॉ. आशीष सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल, ईटीएफ एवं 296 टीम की मौजूदगी में तेलीबाग चौराहे से सेक्टर-5 मोड़ तक वृहद अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेलों और अस्थायी दुकानों को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान 23 कैरेट (हाथ ठेले), 1 ठेला, 2 कुर्सियां, 1 लोहे की मेज, 1 काउंटर, 1 लोहे का काउंटर, 5 गैस सिलेंडर, 2 भट्टियां तथा 2 स्टूल सहित अन्य सामान जब्त किया गया। संबंधित अतिक्रमणकारियों को भविष्य में सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा अतिक्रमण न करने के निर्देश दिए गए।