नगर निगम का विशेष अभियान: 31 चालानों के माध्यम से ₹48 हजार का जुर्माना वसूला

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– महानगर से उमराव मॉल तक गंदगी फैलाने वालों और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ हुई कार्रवाई, तंबाकू विक्रेताओं को लाइसेंस के प्रति किया गया जागरूक

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम लखनऊ के जोन-03 क्षेत्र में शुक्रवार को विशेष जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान गोल मार्केट महानगर चौराहा से निशातगंज पुल के नीचे होते हुए उमराव मॉल तक संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करना, प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर रोक लगाना तथा तंबाकू विक्रेताओं को लाइसेंस बनवाने के लिए जागरूक करना रहा।

*गंदगी फैलाने वालों पर हुई सख्त कार्रवाई*
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध रोकथामात्मक कार्रवाई करते हुए कुल 18 चालान किए गए। इन चालानों के माध्यम से ₹26,000 का जुर्माना वसूल किया गया। नगर निगम की ओर से लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील भी की गई।

*प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग पर वसूला गया जुर्माना*
प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग और भंडारण के मामलों में कुल 13 चालान किए गए, जिनके माध्यम से ₹22,000 की धनराशि जुर्माने के रूप में वसूल की गई। नगर निगम की टीम ने व्यापारियों को प्रतिबंधित पॉलीथीन का उपयोग न करने तथा पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए भी जागरूक किया।

*संयुक्त टीम ने चलाया अभियान*
नगर निगम द्वारा चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 31 चालानों के माध्यम से ₹48,000 की धनराशि वसूल कर नगर निगम कोष में जमा कराई गई। अभियान में सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्रीमती अधूलिका, श्री प्रमोद कुमार गौतम, श्री सुमित मिश्रा एवं श्री पुष्कर सिंह पटेल, 296 टीम, परिवर्तन दल (ईटीएफ), नगर निगम, स्थानीय पुलिस तथा क्षेत्रीय सुपरवाइजर की संयुक्त टीम उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *