सावन मेले के मद्देनजर जोन-6 में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा, लापरवाही पर कार्यदायी संस्था पर एक लाख का जुर्माना

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश

– बुद्धेश्वर मंदिर, पिंक सिटी अंडरग्राउंड ड्रेन और काकोरी शहीद दिवस स्थल का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

लखनऊ। नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने जोन-6 क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बुद्धेश्वर मंदिर परिसर, मोहन रोड, पिंक सिटी क्षेत्र में स्थित अंडरग्राउंड स्ट्रॉन्ग वाटर ड्रेन तथा मा० मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दृष्टिगत शकुंतला विश्वविद्यालय और काकोरी शहीद दिवस स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता, जोनल सेनेटरी ऑफिसर एवं क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे।

*घण्टाघर से दुबग्गा रोड तक सफाई व्यवस्था संतोषजनक, गलियों में सफाई बढ़ाने के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान घण्टाघर से दुबग्गा रोड तक मुख्य मार्ग की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि अपर नगर आयुक्त ने मुख्य मार्ग से जुड़े संपर्क मार्गों और गलियों में नियमित एवं सक्रिय सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग के साथ-साथ अंदरूनी क्षेत्रों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

*बुद्धेश्वर मंदिर परिसर और सर्विस लेन को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश*
बुद्धेश्वर मंदिर परिसर में सफाई एवं नालियों की नियमित सफाई कराए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिशासी अभियंता को ओवरब्रिज के दोनों ओर स्थित सर्विस लेन को जीएसबी डालकर गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अवगत कराया कि संबंधित कार्य के लिए मलवा डालने के उपरांत जीएसबी बिछाकर सतह को समतल किए जाने की कार्रवाई प्रगति पर है।

*सावन मेले से पहले विद्युत पोल और संयोजक बिंदुओं को किया जाएगा सुरक्षित*
अपर नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को निर्देशित किया कि आगामी सावन मेले को देखते हुए प्रकाश विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विद्युत पोल के निचले हिस्से तथा विद्युत संयोजक बिंदुओं को पूरी तरह इंसुलेट कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

*पिंक सिटी अंडरग्राउंड ड्रेन में निष्क्रिय मशीनों पर जताई नाराजगी*
पिंक सिटी स्थित अंडरग्राउंड ड्रेन के निरीक्षण के दौरान दो 7.5 एचपी डीजल पम्प और दो बकेट मशीनें निष्क्रिय अवस्था में पाई गईं। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में ड्रेन की सफाई का ठेका जीटी कंस्ट्रक्शन को दिया गया था, जिसने निर्धारित कार्य नहीं किया। विभागीय रिपोर्ट के आधार पर संस्था को ब्लैक लिस्ट किया कर दिया गया है। इसके बावजूद संस्था द्वारा मशीनें मौके पर रखी गईं, जो अब तक उपयोग में नहीं लाई गई हैं। मौके पर केवल विभागीय डीजल मड पम्प संचालित पाया गया। इस पर अपर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

*वी होप हॉस्पिटल से हैदर कैनाल तक फैली गंदगी पर एक लाख रुपये का जुर्माना*
वी होप हॉस्पिटल से हैदर कैनाल तक अंडरग्राउंड ड्रेन के आउटलेट के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कूड़ा बिखरा मिला। इस पर अपर नगर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जोनल अधिकारी और जोनल सेनेटरी ऑफिसर को फटकार लगाई तथा सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्था एफ.बी. ट्रेडर्स पर एक लाख रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया।

*बुद्धेश्वर से काकोरी शहीद दिवस स्थल तक सफाई व्यवस्था मिली संतोषजनक*
बुद्धेश्वर मंदिर से काकोरी शहीद दिवस स्थल तक निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। मुख्य मार्ग स्थित सब्जी मंडी के सामने सफाई कार्य जारी था तथा सफाई मित्र सक्रिय रूप से कार्य करते मिले। अपर नगर आयुक्त ने काकोरी मार्ग पर लगातार गार्बेज पिकिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मार्ग के डिवाइडरों पर उगी वनस्पतियों की समयबद्ध छंटाई कराने के लिए उद्यान अधीक्षक को दूरभाष के माध्यम से निर्देशित किया।

*प्लास्टिक विरोधी अभियान और जलभराव रोकने के निर्देश*
निरीक्षण के अंत में अपर नगर आयुक्त डॉ अरविंद कुमार राव ने जोन-6 में प्रतिबंधित प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने तथा त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) को सक्रिय रखते हुए निरंतर पर्यवेक्षण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सावन मेले और वीवीआईपी कार्यक्रमों को देखते हुए स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *