यूपी लाइव न्यूज़ 24उत्तर प्रदेश
लखनऊ आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं महाधिवक्ता को पत्र भेजकर राज्य में परीक्षा प्रश्नपत्र लीक से संबंधित सभी मामलों की प्रभावी विवेचना, अभियोजन एवं न्यायालयीन अनुश्रवण हेतु राज्य स्तरीय विशेष अनुश्रवण प्रकोष्ठ तथा विशेष लोक अभियोजकों की व्यवस्था किए जाने की मांग की है.
उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में लगातार सामने आए प्रश्नपत्र लीक मामलों ने करोड़ों युवाओं के भविष्य एवं भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाए हैं. ‘जीरो टॉलरेंस’ की घोषित नीति के बावजूद अनेक पुराने मामले वर्षों से लंबित हैं.
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि वर्तमान विधायकों बेदी राम एवं विपुल दुबे द्वारा निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत शपथपत्रों में वर्ष 2006 के रेलवे भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक प्रकरण सहित लंबित मामलों का उल्लेख यह दर्शाता है कि ऐसे गंभीर मामले लगभग दो दशकों तक भी विचाराधीन रह सकते हैं.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के आरओ/एआरओ तथा आबकारी आरक्षी भर्ती परीक्षा प्रश्नपत्र लीक मामलों में उनके द्वारा दर्ज कराई गई दो एफआईआर भी सीबीसीआईडी द्वारा अंतिम रिपोर्ट के साथ समाप्त कर दी गईं. अतः उन्होंने राज्य सरकार से सभी प्रश्नपत्र लीक मामलों की व्यापक समीक्षा कर विवेचना से लेकर अभियोजन तक विशेष निगरानी सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर इन मामलों की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की है.