नीलमथा में 3 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण, 69 जरूरतमंदों को मिलेंगे निःशुल्क चश्मे
यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
178वें सप्ताह में जनसुनवाई के साथ यूथ क्लब का गठन और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
लखनऊ। सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह द्वारा संचालित “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान के 178वें सप्ताह के अंतर्गत रविवार को टीम राजेश्वर द्वारा सरोजनीनगर दक्षिण तृतीय मंडल के दुर्गापुरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नीलमथा में जनसुनवाई शिविर के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं युवा सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जनसुनवाई शिविर में कुल 29 प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। इनमें साइकिल सहायता, आयुष्मान भारत कार्ड, सड़क एवं नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट, विद्युत पोल, ग्रामीण एवं शहरी आवास, बैडमिंटन एवं कैरम बोर्ड, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, बाल सेवा योजना, रोजगार, नाली सफाई, ओपन जिम, सफाई कर्मचारी, आर्थिक सहायता सहित अन्य जनहित से जुड़े आवेदन शामिल रहे। प्राप्त सभी प्रार्थना-पत्रों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। वहीं, श्री राजेंद्र शुक्ला, श्री सुरेंद्र कुमार शाही एवं श्रीमती ज्ञान कुमारी थापा के आयुष्मान भारत कार्ड बनवाकर 3 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया गया।
साईं ऑप्टिकल के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में 70 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। परीक्षण के उपरांत चिन्हित 69 जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल पर निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे।
युवाओं को खेलों से जोड़ने और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 190वें बॉयज यूथ क्लब का गठन किया गया। इस अवसर पर क्लब के बच्चों को क्रिकेट एवं वॉलीबॉल किट प्रदान की गईं, जिससे वे अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन प्राप्त कर सकें।
शिक्षा को प्रोत्साहन देने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत श्री भानु प्रताप मौर्य (74.6%), सुश्री तन्वी (67.6%), सुश्री आरुषि त्रिपाठी (80.4%) एवं सुश्री रिद्धि (67%) को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगे की शिक्षा जारी रखने के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है।
डॉ. राजेश्वर सिंह के मार्गदर्शन में संचालित “आपका विधायक, आपके द्वार” अभियान जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। जनकल्याण की इसी भावना के साथ अभियान सरोजनी नगर के प्रत्येक नागरिक तक जनसेवा, विकास और अवसरों का लाभ पहुंचाने तथा क्षेत्र को सशक्त, शिक्षित, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।