यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– शेखर अस्पताल से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक निकली यात्रा, बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने लिया हिस्सा
लखनऊ। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को मैथिलीशरण गुप्त वार्ड में राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भरी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर नागरिकों का उत्साहवर्धन किया। यह तिरंगा यात्रा मा० पार्षद श्री अशोक उपाध्याय जी के आयोजन में शेखर अस्पताल से प्रारंभ होकर भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक निकाली गई।
*तिरंगे के साथ उमड़ा देशभक्ति का उत्साह*
तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। लोगों ने उत्साह के साथ तिरंगा लहराते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
*जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने लिया हिस्सा*
तिरंगा यात्रा में पार्षद प्रतिनिधि श्री सूरज जसवानी जी, श्री अरविंद यादव जी समेत क्षेत्र की गणमान्य जनता ने भी सहभागिता की। सभी ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया।