यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– नगर निगम लखनऊ द्वारा आयोजित यात्रा में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का जनसैलाब
लखनऊ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोद के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत नगर निगम लखनऊ द्वारा बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं समेत बड़ी संख्या में लखनऊवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिरंगा हाथों में लेकर निकले लोगों के हुजूम से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।
*नगर निगम मुख्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा*
तिरंगा यात्रा नगर निगम मुख्यालय, लालबाग से प्रारंभ होकर हलवासिया चौराहा, मेफेयर चौराहा एवं अटल चौक होते हुए गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों ने पूरे मार्ग को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
*जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सहभागिता*
इस अवसर पर मा० कार्यकारिणी सदस्य श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ जी, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी, मा० पार्षदगण, समस्त अपर नगर आयुक्तगण, नगर निगम के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा लखनऊ की गणमान्य जनता उपस्थित रही।
*देशभक्ति के नारों और गीतों से गूंजा शहर*
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति से भरे नारों और देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंजता रहा। स्कूली छात्र-छात्राओं और नागरिकों में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने पूरे जोश के साथ तिरंगा लहराते हुए देश के प्रति अपना सम्मान और प्रेम व्यक्त किया।
*महापौर ने दिलाया राष्ट्रप्रेम का संदेश*
मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने सम्मान और गौरव को व्यक्त करने का अवसर देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में सहभागी बनने की अपील की।