यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी
लखनऊ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत भाजपा लखनऊ महानगर में राष्ट्रभक्ति का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है। बुधवार को महानगर के बारह मंडलों एवं वार्डों में पार्षदों, मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ यात्रा में सहभागिता की।
पश्चिम-2 मंडल की तिरंगा यात्रा बालागंज चौराहे से शहीद स्मारक जॉगर्स पार्क के सामने तक निकाली गई। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति है। तिरंगा यात्रा में उमड़ रहा जनसमर्थन लखनऊ की जनता के मन में राष्ट्र के प्रति गौरव और समर्पण की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान के साथ सभी को देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।
पश्चिम-3 मंडल की यात्रा मोहन भोग चौराहे से बदनाम लड्डू होते हुए राजीव चौक तक निकली। भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में मंडल पदाधिकारियों के साथ पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पार्षद अपने-अपने वार्डों में घर-घर संपर्क कर नागरिकों को तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
महानगर मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि उत्तर-1 में ठाकुरगंज चौराहे से बीकेटी गेट तक विधायक डॉ. नीरज बोरा तथा उत्तर-3 में रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज से अयोध्या रोड तक वरिष्ठ नेता रमेश तूफानी एवं महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल की उपस्थिति में यात्रा निकाली गई।
इसी क्रम में पूर्व-1 की यात्रा मालिक टिंबर चौराहे से मनोज पांडेय चौराहे तक अवध क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. श्वेता सिंह, पूर्व-2 की रिंग रोड जगरानी के सामने से खुर्मनगर चौराहे तक वरिष्ठ नेता राकेश सिंह तथा पूर्व-4 की मुंशी पुलिया से कैप्टन मुकेश श्रीवास्तव पार्क तक विधान परिषद सदस्य लालजी प्रसाद निर्मल की उपस्थिति में निकाली गई।
मध्य-1 की यात्रा शंकर चौराहे से मनोज पांडेय चौराहे तक आयोग उपाध्यक्ष अर्पणा यादव, मध्य-2 की कैसरबाग चौराहे से झंडेवाला पार्क अमीनाबाद तक राकेश श्रीवास्तव तथा मध्य-4 की ऐशबाग पानी टंकी से शास्त्रीनगर चौराहे तक उपविजेता रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में निकाली गई।
दक्षिण-1 में पुरानी चुंगी से मंडल कार्यालय अमौसी तक विधायक राजेश्वर सिंह तथा दक्षिण-3 में वरदानी हनुमान मंदिर के निकट से शनि मंदिर तक वरिष्ठ भाजपा नेता रमाशंकर त्रिपाठी के आतिथ्य में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्राओं के दौरान कार्यकर्ताओं ने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।