यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
होमबायर्स, आवंटियों, भू-स्वामियों एवं निवेशकों के अधिकारों की रक्षा, टाउनशिप के समबद्ध विकास और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष रखे महत्वपूर्ण विषय
जनहित के विषयों पर मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता ‘योगी मॉडल’ की पहचान: डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने आज माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी से भेंट कर सरोजनीनगर परिवार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण जनहित के विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की कार्यसंस्कृति मजबूत हुई है। जनसमस्याओं को गंभीरता से सुनना, जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाना और समाधान के लिए तत्परता से दिशा देना उनके सुशासन की विशेष पहचान है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि जनहित के प्रति मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता अद्वितीय है—समस्या का संज्ञान, समाधान का संकल्प और शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई ही ‘योगी मॉडल’ की पहचान है।
इस दौरान सुल्तानपुर रोड स्थित Ansal API की 31 गाँवों में विस्तृत हाईटेक टाउनशिप से जुड़े हजारों होमबायर्स, आवंटियों, भू-स्वामियों एवं निवेशकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषय प्रमुखता से मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखे गए। इनमें सुशांत गोल्फ सिटी के 10,000 से अधिक परिवार भी शामिल हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ये उनके अपने लोग हैं और इनके घर, जीवनभर की पूंजी एवं अधिकारों की रक्षा के लिए वे पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अंसल API की परियोजना से प्रभावित हजारों होमबायर्स के हितों एवं अधिकारों की रक्षा हेतु LDA द्वारा NCLT में विचाराधीन CP(IB) No. 558/ND/2024 में तत्काल Interlocutory Application दाखिल कर प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने तथा परियोजना को अपने नियंत्रण में लेकर अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने का अनुरोध किया।
उन्होंने कहा कि होमबायर्स ने अपने जीवनभर की पूंजी लगाकर अपने घर खरीदे हैं। ऐसे में उनके आवासीय एवं वैधानिक अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने परियोजना को CIRP की प्रक्रिया से बाहर रखने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने तथा Development Agreements/MOUs एवं UP Hi-Tech Township Policy के अनुरूप टाउनशिप का समबद्ध विकास एवं हैंडओवर सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए बंधक लगभग 25 प्रतिशत भूमि का सदुपयोग करने तथा उपलब्ध performance guarantee एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों का प्रभावी उपयोग किए जाने की आवश्यकता भी मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखी। उन्होंने सड़क, सीवर, जलापूर्ति, विद्युत, ड्रेनेज, पार्क एवं अन्य सामुदायिक सुविधाओं से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने की बात कही।
उन्होंने होमबायर्स के हितों और टाउनशिप के विकास की प्रभावी निगरानी के लिए LDA, आवास विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त निगरानी समिति गठित किए जाने का भी अनुरोध किया, ताकि लंबित विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित हो सके।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि होमबायर्स के हितों की रक्षा के लिए उन्होंने स्वयं NCLAT में प्रभावी पैरवी की है, जिसमें 7 जनवरी 2026 के आदेश को माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने भी 16 अप्रैल 2026 को बरकरार रखा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परियोजना की नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के घर, उनकी जीवनभर की पूंजी और उनके अधिकारों की रक्षा से जुड़ी है।
उन्होंने NCLT/NCLAT एवं माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के आलोक में राज्य सरकार एवं LDA को आवश्यक पक्षकार बनाकर होमबायर्स के हितों की प्रभावी कानूनी रक्षा सुनिश्चित करने तथा LDA की ओर से आवश्यक विधिक कार्रवाई तत्काल किए जाने का भी अनुरोध किया।
दूसरे महत्वपूर्ण विषय के अंतर्गत डॉ. राजेश्वर सिंह ने सुशांत गोल्फ सिटी के 10,000 से अधिक परिवारों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विद्युत भार 10 MVA से बढ़ाकर 23 MVA करने तथा ₹8.28 करोड़ के विलंब अधिभार को माफ करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि हजारों परिवारों के दैनिक जीवन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा यह विषय तत्काल समाधान की अपेक्षा रखता है।
माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने सभी विषयों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता, तत्परता एवं न्यायपूर्ण नेतृत्व के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा हजारों परिवारों से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों को गंभीरता से सुनकर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देना प्रभावित परिवारों के लिए विश्वास और राहत का संदेश है। उन्होंने कहा कि जनहित के प्रति मुख्यमंत्री जी की संवेदनशीलता, समस्या के समाधान के लिए उनकी तत्परता और त्वरित निर्णय क्षमता ही ‘योगी मॉडल’ की पहचान है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर परिवार के प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान, सुविधा और सुरक्षित भविष्य की रक्षा के लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।