समाजवादी पार्टी प्रमुख बोले कल से विधानसभा चुनाव प्रचार की होगी शुरुआत

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में अब समय नहीं बचा है। समाजवादी पार्टी का बूथ स्तर पर प्रचार कल से शुरु हो जाएगा। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचार चरम पर है। जिलों-जिलों में बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। समाजवादी पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष अगले दो सप्ताह में जिलों-जिलों में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अन्याय का खुलासा करेंगे।
सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सभी जिला-महानगर अध्यक्षों और एप के माध्यम से बूथ स्तर पर काम कर रहे पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट के एसआईआर के बाद भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से साजिश करके दोबारा एसएआर (एनुअल रिवीजन) कराने की साजिश करेगी। नियमों के विपरीत काम किया जा रहा है। अभी-अभी एसआईआर हुआ है उसके बाद भी फार्म 7 भराए जा रहे हैं। यूपी में बड़ा षडयंत्र हो रहा है। चुनाव से पहले भाजपा एनुअल रिवीजन के नाम पर अपने वोटों को एडजस्ट करने का प्रयास कर रही है। बड़े पैमाने पर अपने लोगों को वोटरलिस्ट में शामिल करने की साजिश होगी। पता चला है कि बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ से उनके लोग वोट आकर बनाएंगे, अपना वोट बढ़ाएंगे।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए के साथ बड़ा भेदभाव और अन्याय हो रहा है। मुख्यमंत्री जी की स्वजातीय टार्चर फोर्स (एसटीफ) के जरिए पीडीए का लगातार उत्पीड़न हो रहा है। फर्जी एनकाउंटर हो रहा है। पुलिस हिरासत में निर्दोषों की मौतें हो रही हैं। हिरासत में मौत के मामले में उत्तर प्रदेश देश में नम्बर वन हो गया है। पुलिस विभाग के अंदर भी पीडीए के साथ भेदभाव हो रहा है। पुलिस विभाग में पीडीए के लोगों का फील्ड पोस्टिंग नहीं मिलती। अगर इमरजेंसी में छुट्टी मांगते हैं तो छुट्टी भी नहीं मिलती है। मीडिया को भी पीडीए की पीड़ा नहीं दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार में प्रदेश में हुए सभी फर्जी मुठभेड़ों की जांच होगी।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि बदायूं में एक दलित नौजवान की थाने में हत्या हो गयी, उसकी जान चली गयी। इसी तरह से वाराणसी में भी एक घटना हुई, मुख्यमंत्री के स्वजातीय ने आदिवासी मजदूर रामजनम की पीटकर हत्या कर दी, उसकी गलती सिर्फ इतनी थी कि दूसरे ईंट भट्ठे पर काम करने जाना चाहता था। पीडीए मुख्यमंत्री के स्वजातीयों के निशाने पर है। एसटीएफ में बीस में दस लोग मुख्यमंत्री के स्वाजतीय है।
बदायूं में 22 थाने हैं। दस एसओ मुख्यमंत्री जी के स्वजातीय हैं। बदायूं के 28 साल के राजेश कोरी को पुलिस हिरासत में लेकर गई। थाने में हत्या हो गयी। पुलिस बता रही कि कार्डियक अरेस्ट हो गया, पुलिस हिरासत में जितनी मौते हो रही हैं, पुलिस सब में कार्डियक अरेस्ट बताती है। वीडियो में पुलिस और थाने की कहानी मैच नहीं कर रही है।
श्री अखिलेश यादव ने एआई के जरिए उनकी छवि खराब करने के लिए भाजपा की तरफ से बनाए जा रहे वीडियो को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार इस तरह बच्चों का खेल न खेलें। आजकल बहुत वीडियो बन रहे हैं। मेरे खिलाफ वीडियो बनाया गया। हमारे लोग भी वीडियो बना सकते हैं लेकिन हमने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी के खिलाफ इस तरह का वीडियो नहीं बनाएं लेकिन जब हमने देखा कि सोशल मीडिया के कई हैंडल से मेरे खिलाफ बनाया वीडियो प्रसारित किया जा रहा है तो एक वीडियो हमे भी किसी ने बनाकर भेज दिया। भाजपा एआई का खेल न खेले। एआई का खेल खेलेंगे तो समाजवादी, इसमें बहुत आगे हैं। भाजपा सरकार बचपना न दिखाए। समाजवादी सरकार ने बहुत पहले लैपटॉप बांट दिया है। आने वाले समय में भी छात्रों को लैपटॉप देंगे। समाजवादी लोग घटिया टैबलेट नहीं देते, जो उंगली घिसते रहने पर भी नहीं चलता है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार को जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट हो रही है। चीनी के दाम बढ़ गए। डीजल-पेट्रोल की कीमते बढ़ गयी। भाजपा सरकार लगातार सरकारी सम्पत्तियों को बेच रही है। बेचने में कमीशन खाया जा रहा है। भाजपा ने जेपीएनआईसी बेच दिया। भाजपा ने अपने गठन के समय जय प्रकाश नारायण जी की तस्वीर को अपने मंच पर लगाया था, उन्हें ही बेच दिया। हमने बेचने पर सवाल उठाया तो उन्हें बहुत बुरा लगा और किस तरह की भाषा बोलने लगे। भाजपा सरकार ने हर काम और हर योजना में लूट की। एक्सप्रेस-वे में लूट की। इनके लोग लूट करके पांच सितारा होटल बना रहे हैं। लखनऊ की छतर मंजिल बेंच दी। समाजवादी सरकार में बनाया गया किसान बाजार बेच दिया। शाने-अवध प्लासियो मॉल बेच दिया। प्लासियो मॉल की आज मार्केट वैल्यू 4000 करोड़ होगी। इसी तरह से इस सरकार ने बस अड्डा बेच दिया। कन्नौज स्थित यूपी का पहला काउमिल्क प्लांट बेच दिया। लोक निर्माण विभाग में बड़े पैमाने पर लूट हुई। ठेके-पट्टे मैनेज किए है। आगरा-एक्सप्रेस वे के मेन्टीनेंस का पैसा खा गये। भाजपा सरकार का मॉडल पैसे बनाने और कमीशन खोरी का है।
श्री यादव ने कहा कि किसानों को कोई सुविधा नहीं मिल रही है। खाद नहीं मिल रही। खाद गायब है। किसानों को आलू, मक्का, सरसों और अन्य फसलों की कीमत नहीं मिली। भाजपा सरकार ने दूध महंगा कर दिया किसानों-पशुपालकों को दूध की सही कीमत नहीं मिली। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने दस साल में नौजवानों को नौकरी नहीं दी। नौजवान नौकरी रोजगार के लिए भटक रहा है। अब मुख्यमंत्री छह माह में एक लाख नौकरी देने का झूठा वादा कर रहे हैं। सरकार के चार महीने भी नहीं बचे हैं। वादा छह माह का कर रहे हैं। नौजवान सब समझता है।
श्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के चित्रकूट और बांदा में बाढ़ को लेकर चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में एक लाख करोड़ खर्च होने के बाद बाढ़ आयी। कुंभ और अन्य आयोजन के नाम पर इतना पैसा आया उसके बाद भी प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव की स्थिति है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश अपराध की भेंट चढ़ गया है। कानून-व्यवस्था बर्बाद है। अपराधी सरेआम हत्याएं कर रहे हैं। अगर अपराधी उत्तर प्रदेश से बाहर चले गए हैं तो हत्याएं कौन कर रहा है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नफरत बांटती है। उन्होंने कहा समाजवादी चाहती है कि जातीय जनगणना हो और सभी को आबादी के हिसाब से हक और सम्मान मिले।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी को गर्व है, कि देश का सबसे अच्छा एक्सप्रेस-वे बनाया, एचसीएल लाये, इकॉना स्टेडियम बनाया। प्रदेश के विकास का बहुत काम किया। समाजवादी पार्टी बंधुराष्ट्र बनाना चाहती है। हम लोग पीडीए है। पॉजिटिव और प्रोग्रेसिव हैं। समाजवादी सरकार ने जैसे पहले लैपटॉप बांटा था उसी तरह से बदलती टेक्नालॉजी के हिसाब से फैसला लेकर छात्रों की मदद करेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *