यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी यूपी लाइव न्यूज़ 24 लखनऊ
तारा शक्ति केंद्रों की महत्वपूर्ण उपलब्धि : बनाए 1 लाख+ भाजपा झंडे, 50,000+ स्कूल बैग और 1 लाख+ राष्ट्रीय ध्वज- डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ, 01 सितंबर 2026।
सरोजनीनगर दक्षिण द्वितीय मंडल में ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम में 21 सेक्टरों के सेक्टर संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों से आत्मीय संवाद किया गया और क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों एवं जनहित के विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सड़क-नाली, आर्थिक सहयोग, सीवर-जलभराव, बिजली, सोलर/स्ट्रीट लाइट, पेयजल, पेंशन, आवास, रोजगार, शिक्षा एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन शामिल रहे। सभी आवेदनों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित किया गया ।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा मातृशक्ति को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए जहां शुरुआत में केवल 4 तारा शक्ति केंद्रों से हुई थी, वहीं आज 170+ तारा शक्ति केंद्र स्थापित हो चुके हैं और लगातार नए केंद्र बनाए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से 2,000 से 2,500 तक सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है। तारा शक्ति केंद्रों की माताओं-बहनों ने अब तक 1 लाख से अधिक भारतीय जनता पार्टी के झंडे, 50,000 से अधिक बच्चों के स्कूल बैग तथा 1 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए हैं। राष्ट्रीय ध्वज निर्माण के क्षेत्र में 5 लाख का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। इससे मातृशक्ति को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसर मिलने के साथ-साथ उनके हुनर को सम्मान भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि परिवार में बच्चों का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण होता है। इसी सोच के साथ सरोजनी नगर में मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए 2,000 से अधिक बच्चों को लैपटॉप एवं साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया है। बच्चों को शिक्षा के आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए 70+ विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं, जिनसे लगभग 32,000 बच्चों एवं बेटियों को लाभ मिल रहा है। विद्यालयों में शिक्षा के साथ बच्चों की उपस्थिति एवं रुचि बढ़ाने के लिए 100+ विद्यालयों में CSR के माध्यम से झूले भी स्थापित कराए गए हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि आज का युग तकनीक और डिजिटल शिक्षा का है। बच्चों को केवल मोबाइल और मनोरंजन तक सीमित रखने के बजाय उन्हें कंप्यूटर, डिजिटल शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी उभरती तकनीकों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। बदलती तकनीकी दुनिया में आने वाली पीढ़ी को नई तकनीकों का उपयोग करने, उन्हें समझने और उनके साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार करना हमारी प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज का आधार है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों में 150+ पार्कों में ओपन जिम स्थापित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 100 नए ओपन जिम को एल डी ए द्वारा स्वीकृति मिल चुकी है, जिन्हें आगामी तीन महीनों में स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इन ओपन जिम के माध्यम से पार्क केवल टहलने का स्थान नहीं रहे, बल्कि स्थानीय नागरिकों के बीच संवाद, सहयोग और स्वस्थ जीवनशैली के केंद्र भी बन रहे हैं।
बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए पिछले साढ़े तीन वर्षों से सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अब तक 10,000 से अधिक बच्चे भाग ले चुके हैं। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खेलों में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चे को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि खेल उनके आत्मविश्वास और भविष्य के अवसरों का माध्यम बनें।
सनातन संस्कृति एवं विरासत के संरक्षण को जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनी नगर के मंदिरों का जीर्णोद्धार, पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण निरंतर कराया जा रहा है। अब तक तीन सौमंदिरों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है। इन मंदिरों में रंगाई-पुताई, पेयजल के लिए हैंडपंप, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच तथा सोलर लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसका उद्देश्य मंदिरों को सुंदर बनाने के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा बच्चों को अपनी सनातन संस्कृति से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों एवं महान विभूतियों से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिले, इसके लिए सरोजनी नगर में उनके सम्मान में विभिन्न कार्य किए गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भव्य प्रतिमा स्थापित कर अटल चौक का निर्माण, भगवान परशुराम के भव्य चौक एवं प्रतिमा की स्थापना तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी हेमू कलानी की प्रतिमा की स्थापना कराई गई है। वहीं डॉ. भीमराव अंबेडकर की 30+ प्रतिमाओं का जीर्णोद्धार, उन पर शेड की व्यवस्था तथा उनके प्रेरणादायी संदेशों को प्रदर्शित करने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन शिक्षा, संघर्ष और समानता की प्रेरणा देता है और उनकी प्रतिमाओं का संरक्षण नई पीढ़ी को उनके विचारों से जोड़ने का माध्यम है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनी नगर में जनसेवा का अर्थ केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना भी परिवार के दायित्व का हिस्सा है। इसी भावना के साथ पिछले साढ़े तीन वर्षों से तारा शक्ति निःशुल्क रसोई संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन लगभग चार हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। लोकबंधु अस्पताल में तारा शक्ति निःशुल्क रसोई के एक केंद्र के माध्यम से प्रतिदिन लगभग दो हजार लोगों को भोजन कराया जा रहा है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को कठिन समय में भोजन की सुविधा मिल सके।
जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अब तक 14,000+ पत्रों के माध्यम से जनता की समस्याओं को संबंधित विभागों एवं अधिकारियों तक पहुंचाया गया है। इनमें दो हजार पांच सौ से अधिक पत्र उपचार से संबंधित रहे हैं और इनके माध्यम से 1,700+ लोगों को उपचार के लिए लगभग ₹27 करोड़ की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को केवल धन के अभाव में इलाज से वंचित न होना पड़े, यही जनसेवा की मूल भावना है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनी नगर में किए जा रहे प्रत्येक कार्य के केंद्र में परिवार की भावना है—बच्चे शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनें, माताएं-बहनें सशक्त हों, वरिष्ठ नागरिक स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें, जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिले और हमारी सनातन संस्कृति एवं विरासत सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि विकास और जनसेवा का यह अभियान किसी जाति, वर्ग या राजनीतिक भेदभाव से प्रेरित नहीं है। सभी को साथ लेकर चलना और प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान एवं अधिकार को सुनिश्चित करना ही हमारी प्राथमिकता है।
‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से संगठन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद को इसी निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनी नगर के विकास में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। जनता एवं संगठन से प्राप्त सुझावों के आधार पर ही अनेक जनहितकारी कार्यों को गति मिली है।
कार्यक्रम में सरोजनीनगर दक्षिण द्वितीय मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य, मंडल उपाध्यक्ष कार्तिकेय दीक्षित, मंडल उपाध्यक्ष अशोक कुमार चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष हनुमान प्रसाद, मंडल उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह, मंडल उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र जैतली, मंडल उपाध्यक्ष रमाशंकर दुबे, मंडल महामंत्री अखिलेश कुमार त्रिपाठी, मंडल महामंत्री नितेश कुमार वार्ष्णेय, मंडल मंत्री इंजीनियर अरविंद पाण्डेय, मंडल मंत्री मुकेश मौर्य, मंडल मंत्री पूनम यादव, मंडल मंत्री राजकुमारी कोरी, मंडल मंत्री रमेश शर्मा, मंडल मंत्री राजीव कुमार मिश्रा, मंडल कोषाध्यक्ष रीतू सिंह तथा मंडल सोशल मीडिया प्रभारी आशीष पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमा शंकर त्रिपाठी, पार्षद के.एन. सिंह सहित सभी सम्मानित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि ‘चाय पर चर्चा’ केवल संवाद का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने, आवेदन प्राप्त करने और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम बढ़ाने का माध्यम है। हमारा संकल्प है कि सरोजनी नगर के हर परिवार की खुशहाली, बच्चों का उज्ज्वल भविष्य, मातृशक्ति का सम्मान, वरिष्ठजनों की सुविधा और जरूरतमंदों का सहारा सुनिश्चित हो।
उन्होंने सभी सेक्टर संयोजकों, बूथ अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सक्रिय सहभागिता, सहयोग, विश्वास और संगठन को मजबूत करने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।