यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित, उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को किया गया सम्मानित
लखनऊ: शिक्षक दिवस के अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज में शनिवार को आयोजित समारोह में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में पहुंचने पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार एवं अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त ने माननीय महापौर जी का स्वागत किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा शिक्षक दिवस के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री अरुण कुमार गुप्त, माननीय पार्षद श्री संजय सिंह राठौड़ एवं अटल बिहारी वाजपेयी नगर निगम डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. ओम प्रकाश पांडेय सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
*मां होती हैं जीवन की पहली शिक्षक*
इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने कहा कि हमारे जीवन की पहली शिक्षक हमारी मां होती हैं, जो हमें जीवन के प्रारंभिक संस्कार देती हैं। इसके बाद शिक्षक हमें शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत और जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल बच्चों को पढ़ाते ही नहीं हैं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर देश का भविष्य भी तैयार करते हैं। महापौर जी ने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सदैव सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा शिक्षक दिवस समारोह*
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उल्लास का वातावरण बना दिया। छात्र-छात्राओं ने अपने कार्यक्रमों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
*उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को किया गया सम्मानित*
शिक्षक दिवस के अवसर पर कॉलेज के उन शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों एवं समर्पण के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इस अवसर पर शिक्षकों के योगदान की सराहना की गई।