यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए पांच कर्मचारियों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में दो मृतक आश्रितों को गैंगमैन पद के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए
*लखनऊ।* लखनऊ नगर निगम के जलकल विभाग के मुख्यालय ऐशबाग में 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के सम्मान में शनिवार को सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके दीर्घ सेवाकाल एवं विभाग के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लेखा विभाग के सहायक लेखाधिकारी श्री अशोक कुमार सिंह, जोन-2 के गैंगमैन श्री लक्ष्मण शाह, जोन-5 के पम्पचालक श्री जर्रार हुसैन, जोन-5 के गैंगमैन श्री महेश चन्द्र तथा जोन-6 के सफाई कर्मचारी श्री राज कुमार को सम्मानित किया गया।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ निर्वहन करते हुए जलकल विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके द्वारा दी गई सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।
*मृतक आश्रितों को मिले नियुक्ति पत्र*
सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान कार्यक्रम के साथ ही मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इस दौरान श्रीमती सरिता एवं श्री राहुल गुप्ता को गैंगमैन के पद पर नियुक्ति प्रदान किए जाने के संबंध में नियुक्ति पत्र सौंपे गए। महापौर जी ने दोनों नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह जी, मा० पार्षद श्री संदीप शर्मा जी समेत जलकल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके स्वस्थ, सुखद एवं खुशहाल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं, वहीं नवनियुक्त कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की भी कामना की गई।