यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
नई दिल्ली/लखनऊ। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ को मिली राष्ट्रीय स्तर की दोहरी उपलब्धि के बाद लखनऊ की मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नई दिल्ली स्थित लखनऊ के मा० सांसद एवं देश के यशस्वी रक्षा मंत्री आदरणीय श्री राजनाथ सिंह जी के शासकीय आवास पर शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान मा० महापौर ने रक्षा मंत्री जी को राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत सिटी लेवल स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ को नेशनल लेवल बेस्ट परफॉर्मिंग सिटीज में रैंक-1 प्राप्त होने की उपलब्धि से अवगत कराया। साथ ही लखनऊ नगर निगम के जोन-4 स्थित वार्ड संख्या 70 को नेशनल बेस्ट परफॉर्मिंग वार्ड में रैंक-1 मिलने की जानकारी भी दी।
मा० रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा कराए गए सिटी लेवल स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 के तहत राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम में लखनऊ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान मिलना अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी लखनऊवासियों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल एवं पार्षदों की पूरी टीम ने लखनऊ को स्वच्छता के हर पैमाने पर बेहतर बनाने का संकल्प लेकर पिछले कुछ वर्षों से पूरे मनोयोग से कार्य किया है। उन्होंने लखनऊ नगर निगम की पूरी टीम को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
मा० रक्षा मंत्री ने कहा कि लखनऊ नगर निगम के इन प्रयासों को माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में चल रही प्रदेश सरकार का भी पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद किया। उन्होंने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लखनऊ स्वच्छता के हर इंडेक्स पर इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन करता रहे और नई उपलब्धियां हासिल करता रहे।
इस दौरान मा० महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी से आशीर्वाद प्राप्त किया और लखनऊ को मिली इन राष्ट्रीय उपलब्धियों की जानकारी साझा की। नेशनल क्लीन एयर सिटी रैंक-1, कैटेगरी-1 के तहत लखनऊ को 1 करोड़ 50 लाख रुपये का नगद पुरस्कार प्राप्त हुआ है। वहीं, लखनऊ नगर निगम के जोन-4 स्थित वार्ड संख्या 70 को नेशनल बेस्ट परफॉर्मिंग वार्ड रैंक-1 प्राप्त होने पर 50 लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया गया है।