यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में की सहभागिता
लखनऊ। भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर लखनऊ नगर निगम के आरआर एवं जलकल विभाग में विभिन्न कार्यक्रमों का गुरुवार को आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के साथ दोनों विभागों में आयोजित हवन-पूजन कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
*बालाकदर स्थित आरआर विभाग कार्यालय में हवन-पूजन एवं भंडारा*
आरआर विभाग द्वारा बालाकदर स्थित कार्यालय में हवन-पूजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। महापौर ने हवन में आहुति देकर भगवान विश्वकर्मा जी से नगर निगम परिवार एवं समस्त नगरवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर भगवान विश्वकर्मा जी के सृजन, निर्माण एवं कर्मकौशल के संदेश को स्मरण करते हुए सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव जी, मुख्य वित्त एवं लेखा अधिकारी श्री महामिलिंद लाल जी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री अशोक सिंह जी, चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात जी सहित आरआर विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। हवन-पूजन के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
*ऐशबाग जलकल मुख्यालय में भी हुआ हवन-पूजन*
वहीं, ऐशबाग स्थित जलकल मुख्यालय में भी भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर हवन-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार जी के साथ हवन में आहुति देकर भगवान विश्वकर्मा जी का पूजन किया।
इस दौरान जलकल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा जी से नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विभागीय कार्यों को पूरी तत्परता और सेवा भावना के साथ आगे बढ़ाने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह जी सहित जलकल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना*
दोनों विभागों में आयोजित हवन-पूजन कार्यक्रमों के दौरान मा० प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के पावन अवसर पर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए भी मंगलकामना की गई।
भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में नगर निगम परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धा के साथ सहभागिता की।