इलाज के दौरान घायल युवक ने तोड़ा दम, चार पर हत्या का मुकदमा

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश

सह संपादक कपिल गुप्ता

कार्यवाही की मांग पर अड़ने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुरानी रंजिश में मारपीट का परिजनों ने लगाया आरोप

शिवगढ़ (रायबरेली)।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कोकलत का पुरवा मजरे जगदीशपुर में परिजनों ने पुरानी रंजिश में मारपीट में घायल होने से युवक अजय की मौत का अरोप लगाया है। आरोप है कि करीब एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद युवक की मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर शिवगढ़ पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। गौरतलब हो कि शनिवार को लखनऊ ट्रामा सेन्टर में युवक की मौत के बाद सोमवार को मृतक के परिजनों ने दरवाजे शव रखकर अन्तिम संस्कार करने से मना कर दिया और पुलिस से कार्यवाही की मांग को लेकर अड़ गए, जिसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
परिजनों का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर
बीते 14 सितम्बर को पड़ोसियों ने अजय के साथ मारपीट की गई और उसे दरवाजे जोड़कर भाग गए। मारपीट में वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। परिजन गम्भीर हालत मे उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गम्भीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। किन्तु वहां से उसे रायबरेली एम्स के लिए रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने अजय की हालत गम्भीर देखते हुए भर्ती करने से मना कर दिया और उसे लखनऊ ट्रामा सेन्टर रेफर कर दिया। जहां उसका कई दिन तक इलाज चला, परिजन युवक के बेहतर इलाज के लिए कई निजी अस्पताल भी ले गए जहां हालत में सुधार न होने पर पीजीआई ट्रामा सेन्टर तथा उसके बाद पुनः लखनऊ ट्रॉमा सेन्टर लेकर गए जहां पहुंचने पर शनिवार को अजय ने दम तोड़ दिया। पीएम के बाद रविवार की रात मृतक अजय का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। सोमवार को परिजनों ने पुलिस पर मुकदमा दर्ज करने में देरी का आरोप लगाते हुए अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल गांव पहुंच गया और परिजनों से बातचीत कर कार्यवाई करने की बात कही। बाद में मृतक के पिता लोधेश्वर की तहरीर पर पुलिस ने सुखराम, शिवपता, संतोष और सुनीता के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की बाद दोपहर 2 बजे पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने शव का अन्तिम संस्कार किया। शिवगढ़
थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपितों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *