यूपी लाइव न्यूज़ 24 उत्तर प्रदेश
– बार-बार सूचना देने के बाद भी बकाया जमा नहीं करने वालों पर कार्रवाई, जोन-5 में दो भवन सील और जोन-6 में पांच बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा बकाया गृहकर की वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत मंगलवार को जोन-5 और जोन-6 में बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। बार-बार संपर्क करने और पत्राचार के बाद भी बकाया गृहकर जमा नहीं करने पर संबंधित भवनों के विरुद्ध सीलिंग एवं अन्य नियमानुसार कार्रवाई की गई।
*जोन-5 में दो भवनों को किया गया सील*
जोन-5 में भवन संख्या जीबी-26 एवं जीबी-27, 400 केवी विद्युत विभाग, वार्ड सरोजनी नगर प्रथम स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पर ₹3,84,47,005.28 गृहकर बकाया है। वहीं, भवन संख्या जीबी/सीसी/एलएफपीएम, नादरगंज मंडलीय ड्रग वेयरहाउस के प्रशासनिक कार्यालय पर ₹14,79,869 गृहकर बकाया है।
नगर निगम द्वारा कई बार पत्राचार और संपर्क के माध्यम से बकाया जमा करने के लिए कहा गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद मंगलवार को दोनों भवनों को सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी श्री विनीत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। इस दौरान कर अधीक्षक श्री सभाजीत सिंह, राजस्व निरीक्षक श्री विवेक मिश्रा, राजस्व निरीक्षक श्री राजू कुमार तथा प्रवर्तन दल के सदस्य उपस्थित रहे।
*जोन-6 में बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई*
नगर आयुक्त के निर्देश पर जोन-6 में जोनल अधिकारी श्री अमरजीत यादव के नेतृत्व में कर अधीक्षक श्री विजय शंकर, राजस्व निरीक्षक श्री आजाद अहमद एवं सुश्री संगीता गुप्ता सहित टीम ने बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की।
नगर निगम के अनुसार, संबंधित भवन स्वामियों से बकाया गृहकर जमा करने के लिए लगातार संपर्क किया जा रहा था, लेकिन उनके द्वारा अभी तक भुगतान के संबंध में कोई प्रत्यावेदन नहीं दिया गया। इसके बाद 27 अक्टूबर को पांच बड़े बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
*जोन-6 में की गई कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है:*
– हनान, मकान ट्रेडर्स, फरीदीपुर: ₹6,53,997 बकाया। इस प्रकरण में आपत्ति दर्ज की गई।
– नसीम, भवन संख्या 602/1967/03, मलिहाबाद रोड: ₹4,53,723 बकाया। भवन सील किया गया।
– जीनत बानो पत्नी स्व. इमरान खान, भवन संख्या 439/089CC/001, मलिहाबाद रोड: ₹9,66,622 बकाया। भवन सील किया गया।
– जीनत बानो पत्नी स्व. इमरान खान, भवन संख्या 439/089CC, मलिहाबाद रोड: ₹28,45,451 बकाया। भवन सील किया गया।
– मनमोहन सिंह, भवन संख्या 312/169(118), लालबाग नगर: ₹25,34,169 बकाया। भवन सील किया गया।
– आलम, भवन संख्या 602/234, मलिहाबाद रोड: ₹2,92,486 बकाया। इस प्रकरण में आंशिक भुगतान किया गया।
*नगर आयुक्त की अपील: ओटीएस योजना का लाभ उठाएं, ब्याज में छूट पाएं*
नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने बकाया गृहकर का समय से भुगतान करें और नगर निगम की एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना का लाभ उठाएं। इस योजना के अंतर्गत पात्र बकायेदारों को निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार ब्याज में छूट का लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि भवन स्वामी ओटीएस योजना के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर अपने बकाया गृहकर का निस्तारण करें। इससे उन्हें ब्याज में छूट का लाभ मिल सकेगा और नगर निगम को राजस्व प्राप्त होगा। बकाया गृहकर जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।