प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना एवं महापौर सुषमा खर्कवाल ने जोन-4 के चार वार्डों का किया निरीक्षण

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– नाला निर्माण, अतिक्रमण हटाने, खाली प्लॉटों की सफाई और पार्किंग व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश, लापरवाही पर कार्यवाही के आदेश

लखनऊ। लखनऊ के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के वित्त व संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश खन्ना तथा माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने गुरुवार सुबह 07 बजे नगर निगम जोन-4 अंतर्गत खरगापुर सरसवां, भरवारा-मल्हौर, चिनहट प्रथम एवं राजीव गांधी प्रथम वार्ड का व्यापक निरीक्षण कर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

*खरगापुर सरसवां वार्ड में नाला निर्माण कार्य की समीक्षा*

निरीक्षण के दौरान खरगापुर सरसवां वार्ड के सेक्टर-5 गोमती नगर एक्सटेंशन, गीतापुरी चौराहा एवं खरगापुर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया। संकट मोचन द्वार के पास निर्माणाधीन नाले के कार्य का जायजा लेते हुए प्रभारी मंत्री एवं महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य 19 जून तक हर हाल में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

*भरवारा-मल्हौर वार्ड में खाली प्लॉटों की सफाई और बाउंड्री वॉल के निर्देश*

भरवारा-मल्हौर वार्ड में एसटीपी एमिटी रोड स्थित खाली पड़े प्लॉट का निरीक्षण किया गया। क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही जोनल अधिकारी को खाली प्लॉट स्वामियों को नोटिस जारी कर बाउंड्री वॉल निर्माण सुनिश्चित कराने को कहा गया, ताकि कूड़ा डंपिंग एवं अतिक्रमण की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

*चिनहट प्रथम वार्ड में अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर जोर*

चिनहट प्रथम वार्ड के अंतर्गत चिनहट चौराहा स्थित बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बाजार क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नागरिकों एवं व्यापारियों की सुविधा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बाजार के समीप पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित करने को कहा गया।

*राजीव गांधी प्रथम वार्ड में उत्कृष्ट स्वच्छता व्यवस्था की सराहना*

राजीव गांधी प्रथम वार्ड के अंतर्गत मिठाई वाला चौराहा स्थित पीसीटीएस का निरीक्षण किया गया। यहां साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर प्रभारी मंत्री एवं महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की तथा उन्हें इसी प्रकार कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।

*जनसुविधाओं और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर*

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री श्री सुरेश खन्ना जी ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छता, जल निकासी, यातायात प्रबंधन एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी विकास कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

*वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित*

इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव, श्री पंकज श्रीवास्तव, श्री अरुण कुमार गुप्त, जीएम जलकल श्री कुलदीप सिंह, चीफ इंजीनियर आरआर श्री मनोज प्रभात, जोनल अधिकारी जोन-4 श्रीमती शिल्पा कुमारी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री पंकज शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *