प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय : पीयूष गोयल

Spread the love

यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

लखनऊ भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत हजरतगंज स्थित सहकारिता भवन में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया।है कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल रहे। साथ में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नितिन अग्रवाल, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, लालजी निर्मल, पद्मश्री मालिनी अवस्थी, प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी उपस्थित रहें।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों को भारत के परिवर्तन, सुशासन, जनकल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि का कालखंड बताते हुए इसे देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय बताया।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि लखनऊ पहुंचते ही उन्हें राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल जाकर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि इन तीनों महान विभूतियों का उनके जीवन पर विशेष प्रभाव रहा है तथा उनके विचार और आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरणा प्रदान करते हैं।न

उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने के लिए उनका संघर्ष सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. मुखर्जी स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग मंत्री थे और वर्ष 1947 से 1950 तक उन्होंने देश की औद्योगिक नींव को मजबूत करने का कार्य किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री के रूप में कार्य करते हुए उन्हें उस विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 4,400 दिनों से अधिक का लगातार कार्यकाल लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद लगातार प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा की है। उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना एक दिन का अवकाश लिए राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करना प्रधानमंत्री मोदी की कार्यशैली की विशेषता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना संपूर्ण जीवन भारत को विश्व शक्ति बनाने, 140 करोड़ देशवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए समर्पित कर दिया है। प्रधानमंत्री की सोच “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” आज देश के विकास का आधार बन चुका है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनेगा, तब भारत तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर होगा।

उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के बावजूद भारत ने मजबूती के साथ अपनी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाया है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान स्थापित की है तथा आज दुनिया भारत को आशा और स्थिरता के प्रतीक के रूप में देख रही है।

पीयूष गोयल ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि देश का कोई भी नागरिक भूखा न सोए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। कोविड टीकाकरण अभियान के अंतर्गत देशवासियों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई गई, जिससे करोड़ों लोगों का जीवन सुरक्षित हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत करोड़ों शौचालयों का निर्माण कर महिलाओं के सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा को सुनिश्चित किया गया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल रहा है तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारिता क्षेत्र की क्षमता को पहचानते हुए अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में इस क्षेत्र को नई दिशा और गति मिली है। आज देश के करोड़ों लोग सहकारी संस्थाओं से जुड़े हुए हैं और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।

पीयूष गोयल ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध केंद्र सरकार ने निर्णायक लड़ाई लड़ी है और देश तेजी से नक्सलवाद मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप सुरक्षा, विकास और जनकल्याण को नई गति मिली है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता तथा नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता के माध्यम से भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *