यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
– महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत सोमवार को जोन-7 के शंकरपुरवा प्रथम वार्ड में श्री राम लॉन, कुर्सी रोड में जन चौपाल का आयोजन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में किया गया। जन चौपाल में क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।
जन चौपाल के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, नालियों की सफाई, खाली प्लॉटों में कूड़ा डाले जाने तथा डोर-टू-डोर कूड़ा उठान से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से रखी गईं। नागरिकों ने क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था एवं बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव जी, मंडल अध्यक्ष श्री केपी सिंह जी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी श्री विनय कुमार राय जी, जोनल अधिकारी श्री रामेश्वर प्रसाद जी सहित नगर निगम एवं जलकल विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सीवर, पेयजल एवं सफाई व्यवस्था से संबंधित शिकायतों के समाधान हेतु विशेष अभियान चलाया जाए तथा खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंकने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए गए।