लखनऊ नगर निगम हिन्द नगर वार्ड की जन चौपाल में नागरिकों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं

Spread the love

प्रदेश जनहित खबर उत्तर प्रदेश

मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ

– महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को त्वरित निस्तारण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
– मा० प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के 12 वर्ष एवं मा० मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित हुई जन चौपाल

लखनऊ केंद्र सरकार में माननीय प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के सफल नेतृत्व में 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश में माननीय मुख्यमंत्री आदरणीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा जन चौपाल अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जोन-8 के हिन्द नगर वार्ड में नेबरहुड पार्क में माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव महापौर के समक्ष रखे।

*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति*

जन चौपाल में माननीय पार्षद श्री सौरभ सिंह ‘मोनू’ जी, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव जी, जोनल अधिकारी जोन-8 श्री विकास सिंह जी, मंडल अध्यक्ष श्री के.के. श्रीवास्तव जी, अधिशासी अभियंता नगर निगम श्री शील श्रीवास्तव जी, अधिशासी अभियंता जलकल श्री प्रदीप यादव जी, उद्यान अधीक्षक श्री गंगाराम गौतम जी, जोनल सेनेटरी ऑफिसर श्री जितेंद्र गांधी जी समेत नगर निगम के अधिकारीगण एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

*कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को लेकर उठीं शिकायतें*

स्थानीय नागरिकों ने महापौर को बताया कि क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। पूर्व में नियमित रूप से कूड़ा उठाया जाता था, लेकिन वर्तमान में कई स्थानों पर दो-दो एवं तीन-तीन दिनों तक कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। इसके साथ ही नालियों से निकाले गए कूड़े का समय पर निस्तारण न होने तथा बैक लेन में नियमित झाड़ू न लगाए जाने की शिकायतें भी नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गईं।

*सीवर एवं पेयजल समस्याओं पर जताई नाराजगी*

जन चौपाल में नागरिकों ने जलकल विभाग एवं सीवर सफाई व्यवस्था को लेकर भी शिकायतें रखीं। लोगों ने बताया कि सीवर लाइनों की समुचित सफाई नहीं होने से बार-बार सीवर चोक हो जाता है और जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। वहीं कई क्षेत्रवासियों ने पिछले तीन-चार दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उन्हें पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवर एवं पेयजल से जुड़ी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

*सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा*

क्षेत्रीय नागरिकों ने कई स्थानों पर सड़क की टाइल्स उखड़ने तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की शिकायत भी रखी। इस पर महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने बताया कि संबंधित कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य प्रगति पर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा जो ठेकेदार निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।

*आवारा पशु, बंदर एवं यातायात समस्याएं भी उठीं*

जन चौपाल में नागरिकों ने आवारा कुत्तों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही बंदरों के आतंक की शिकायत भी लोगों द्वारा की गई। इस पर महापौर ने स्पष्ट किया कि बंदरों से संबंधित विषय वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है, फिर भी संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

नागरिकों ने बंगला बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या भी उठाई, जिस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

*वेंडिंग जोन एवं पार्कों के रखरखाव पर दिए निर्देश*

जन चौपाल के दौरान रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के लिए प्रस्तावित वेंडिंग जोन के कार्य में आ रही बाधाओं का विषय भी सामने आया। इस पर महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिस भी कारण से कार्य बाधित है, उसे तत्काल दूर कर वेंडिंग जोन की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा क्षेत्रीय नागरिकों ने पार्कों के बेहतर रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण की मांग की। महापौर ने उद्यान विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

*नागरिकों ने सराहा नगर निगम का कार्य*

जन चौपाल के दौरान ब्लॉक-डी क्षेत्र के नागरिकों ने कूड़ा प्रबंधन एवं स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान कार्यकाल में इस क्षेत्र की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नागरिकों ने नगर निगम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसी प्रकार की व्यवस्था अन्य क्षेत्रों में भी लागू किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

*जन चौपाल से मिल रहा समस्याओं के समाधान का मंच*

महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर नगर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *