यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
सरोजनी नगर परिवार की उपलब्धियों और विकास यात्रा को मिला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आशीर्वाद, ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ का हुआ लोकार्पण
लखनऊ
सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर उनके कर-कमलों से ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ पुस्तक का विमोचन कराया। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री जी को पुस्तक की विषयवस्तु से अवगत कराते हुए सरोजनी नगर परिवार की विकास यात्रा, जनभागीदारी आधारित पहलों तथा क्षेत्र में हुए व्यापक परिवर्तन की जानकारी दी।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के दूरदर्शी नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश को सुशासन, सुरक्षा, निवेश, आधारभूत संरचना विकास, महिला सम्मान और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। उनकी स्पष्ट विकास दृष्टि, निर्णायक नेतृत्व क्षमता, भ्रष्टाचार एवं अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने की प्रतिबद्धता ने उत्तर प्रदेश को देश की विकास यात्रा का अग्रणी राज्य बनाया है। आज उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, डिजिटल सेवाओं, निवेश आकर्षण, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश ने ईज़ ऑफ़ लिविंग और ईज़ ऑफ़ डूइंग बिज़नेस दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है तथा विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई गति मिली है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के प्रति जवाबदेही, पारदर्शिता और जनप्रतिनिधि के दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है “मैं हूँ सरोजनीनगर”। यह पुस्तक बीते 4 वर्षों से अधिक समय में सरोजनीनगर परिवार के लिए किए गए प्रयासों, विकास कार्यों, जनसेवा अभियानों, नवाचारों और दूरदर्शी पहलों का विस्तृत संकलन है।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल उपलब्धियों का विवरण नहीं, बल्कि सरोजनीनगर के लाखों नागरिकों के विश्वास, सहभागिता और सामूहिक विकास यात्रा का दस्तावेज़ है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, खेल, पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति, जनसेवा, निवेश, रोजगार और भविष्य की विकास परियोजनाओं के माध्यम से सरोजनीनगर को देश के आदर्श विकास मॉडल के रूप में स्थापित करने के संकल्प को यह पुस्तक प्रतिबिंबित करती है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री जी को बताया कि ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि सरोजनी नगर परिवार के विश्वास, संकल्प, जनभागीदारी और विकास यात्रा का जीवंत दस्तावेज है। पुस्तक में क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विविध आयामों का विस्तृत विवरण समाहित है। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक आधारभूत संरचना, संस्कृति एवं सेवा के क्षेत्रों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद तथा सरोजनी नगर परिवार के सहयोग से हुए उल्लेखनीय कार्यों, उपलब्धियों और विकास की इस यात्रा का समग्र लेखा-जोखा पुस्तक में संकलित किया गया है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री जी को सरोजनी नगर विधानसभा को देश का आदर्श विकास मॉडल बनाने के संकल्प के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी भी दी। इनमें नेट जीरो सरोजनी नगर, तारा शक्ति केंद्र, सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग, रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा तथा आरबीएस डिजिटल इम्पावरमेंट सेंटर्स प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि इन पहलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, सांस्कृतिक जागरण और डिजिटल सशक्तिकरण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि पुस्तक में सरोजनी नगर के भविष्य के विकास विज़न और परिवर्तनकारी परियोजनाओं को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है। इनमें राज्य राजधानी क्षेत्र (State Capital Region-SCR), एरो सिटी, उत्तर प्रदेश की प्रथम एआई सिटी, अशोक लीलैंड एवं ईवी बस निर्माण परियोजनाएं, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विस्तार तथा देश के प्रथम नौसेना शौर्य संग्रहालय जैसी ऐतिहासिक पहलें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं सरोजनी नगर को शिक्षा, नवाचार, निवेश, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करते हुए विकसित उत्तर प्रदेश की यात्रा को नई गति प्रदान करेंगी।
डॉ. सिंह ने कहा कि सरोजनी नगर में संचालित विकास कार्यों, जनसेवा की अभिनव पहलों और जनभागीदारी आधारित अभियानों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से निरंतर नई दिशा और गति प्राप्त हो रही है। उनके नेतृत्व ने जनप्रतिनिधियों को सेवा, समर्पण और सुशासन के उच्च मानकों पर कार्य करने की प्रेरणा दी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन और सरोजनी नगर परिवार के सहयोग से ही सरोजनी नगर निरंतर विकास और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का प्रेरणादायी व्यक्तित्व एवं कर्मयोगी नेतृत्व जनसेवा के प्रति संकल्प को और अधिक दृढ़ता प्रदान करता है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ का विमोचन करने तथा सरोजनी नगर की जनभावनाओं, उपलब्धियों और विकास यात्रा को आत्मीयता से सुनने हेतु अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से सरोजनी नगर परिवार विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर रहकर एक समृद्ध, सक्षम, आत्मनिर्भर एवं आदर्श सरोजनी नगर के निर्माण के संकल्प को सिद्ध करता रहेगा तथा विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देता रहेगा।