यूपी लाइव न्यूज 24 उत्तर प्रदेश
मुख्य संपादक प्रवीण सैनी लखनऊ
लखनऊ भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा कांग्रेस की कथित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों एवं विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में पैदल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महामंत्री संजय राय, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ नीरज सिंह, अवध क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, निवर्तमान उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधायक डॉ नीरज बोरा, ओ पी श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का अधिकार है, लेकिन यह अधिकार संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के दायरे में रहकर ही प्रयोग किया जाना चाहिए। देश की संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किया गया प्रदर्शन लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास दिखाई देता है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के विरोध में नारे लगाए तथा कहा कि देशहित के विरुद्ध किसी भी प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी।